रायपुर में रचा गया इतिहास: सांसद बृजमोहन के नेतृत्व में 5 लाख विद्यार्थियों ने किया सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम् गायन

सेना दिवस के अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र में सांसद बृजमोहन के नेतृत्व में 5 लाख विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पूर्ण वंदे मातरम् का गायन कर ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया और राष्ट्रभक्ति का अनुकरणीय संदेश दिया।

Jan 16, 2026 - 15:48
 0  17
रायपुर में रचा गया इतिहास: सांसद बृजमोहन के नेतृत्व में 5 लाख विद्यार्थियों ने किया सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम् गायन

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। सेना दिवस के पावन अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र ने देशभक्ति का ऐसा विराट और ऐतिहासिक दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया। सांसद  बृजमोहन के प्रेरक मार्गदर्शन और प्रभावी नेतृत्व में लगभग 5 लाख विद्यार्थियों ने एक साथ सामूहिक पूर्ण “वंदे मातरम्” का गायन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह आयोजन न केवल एक रिकॉर्ड बना, बल्कि राष्ट्रचेतना और एकता का सशक्त उद्घोष भी सिद्ध हुआ।

इस ऐतिहासिक आयोजन में रायपुर एवं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लगभग 3000 स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों की सहभागिता रही। विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एंड गाइड्स, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रप्रेम का महाकुंभ रच दिया।

रायपुर के नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद  बृजमोहन स्वयं उपस्थित रहे। श्रीराम संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय पूर्ण वंदे मातरम् के साथ हजारों लोगों ने सामूहिक गायन किया। पूरा वातावरण देशभक्ति, अनुशासन और एकता की भावना से ओतप्रोत हो गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे राष्ट्रप्रेम का भाव और अधिक प्रखर हुआ। सांसद श्री बृजमोहन ने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य भावी पीढ़ी के मन में मातृभूमि के प्रति सम्मान, कर्तव्यबोध और गहरी देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति समर्पण और बलिदान का उद्घोष है।”

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम् की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि इसी उद्घोष के साथ वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। सांसद ने सभी शिक्षण संस्थानों से सप्ताह में एक दिन सामूहिक वंदे मातरम् गायन करने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया तथा डाक विभाग द्वारा जारी विशेष पोस्टकार्ड का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों विद्यार्थी उपस्थित रहे।

यह आयोजन रायपुर के लिए केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति के संस्कारों को जन-जन तक पहुँचाने वाली एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहल बनकर स्मरणीय रहेगा।