रायपुर में निर्माणाधीन मकान से बिजली वायर चोरी, दो बाल अपचारी पकड़े गए; दो कबाड़ी संचालक गिरफ्तार
रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के त्रिवेणी विहार में निर्माणाधीन मकान से बिजली का वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। चोरी का वायर खरीदने वाले दो कबाड़ी संचालकों निर्मल कुमार और इजहार अहमद को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का वायर बरामद किया है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l टिकरापारा थाना क्षेत्र के त्रिवेणी विहार में निर्माणाधीन मकान से बिजली का वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। मामले में चोरी का वायर खरीदने वाले दो कबाड़ी संचालकों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों कबाड़ी संचालकों के कब्जे से चोरी का बिजली वायर बरामद किया है। मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 896/2026 के तहत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी पियूष शर्मा का पचपेड़ी नाका स्थित त्रिवेणी विहार में निर्माणाधीन मकान है। प्रार्थी 11 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे मकान के सभी कमरों के दरवाजों पर ताला लगाकर मुंबई चले गए थे। 22 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वापस लौटने पर उन्होंने निर्माणाधीन मकान का मेन गेट खोला। अंदर जाकर देखने पर कमरों के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले और कमरों में लगा बिजली का वायर गायब था। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।
रिपोर्ट के आधार पर टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिन्सन गुरिया ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आरोपियों की जल्द पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ ही अज्ञात आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम को घटना में शामिल संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों ने निर्माणाधीन मकान से बिजली वायर चोरी करने की बात बताई। उन्होंने कथित तौर पर चोरी किए गए वायर को इजहार अहमद और निर्मल कुमार नामक कबाड़ी संचालकों के पास बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी संचालक निर्मल कुमार और इजहार अहमद के खिलाफ चोरी का सामान खरीदने के मामले में कार्रवाई की। दोनों को धारा 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का बिजली वायर भी जब्त किया है। वहीं दोनों विधि के साथ संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार कबाड़ी संचालकों में निर्मल कुमार, पिता वकील शाह, उम्र 20 वर्ष, निवासी सुमित बाजार के पास लाखे नगर, थाना पुरानीबस्ती, रायपुर और इजहार अहमद उर्फ बच्चा, पिता ताज मोहम्मद, उम्र 45 वर्ष, निवासी भैरव नगर संतोषी नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई में चोरी के सामान की बरामदगी के साथ उसे खरीदने वालों की भूमिका की भी जांच की गई। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।