रायपुर में रक्तदान महाकुंभ, 202 यूनिट रक्त संग्रहित, 25 छत्तीसगढ़ रत्न सम्मानित

रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा आयोजित रक्तदान महाकुंभ में 202 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय और राज्य के कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही तथा 25 छत्तीसगढ़ रत्नों का सम्मान भी किया गया।

Aug 4, 2026 - 14:42
 0  2
रायपुर में रक्तदान महाकुंभ, 202 यूनिट रक्त संग्रहित, 25 छत्तीसगढ़ रत्न सम्मानित

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा मानव सेवा को समर्पित रक्तदान महाकुंभ एवं छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 202 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 25 व्यक्तियों को छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, सांसद विजय बघेल, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, एआईजी संजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, पुलिस अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन और राज्यगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रमुख मार्गदर्शक सुनील रामदास अग्रवाल, प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष बबीता अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति अग्रवाल, विन्नी सलूजा, सुनीता पांडे, उदित अग्रवाल और रजत अग्रवाल सहित संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। संस्था ने बताया कि इस आयोजन की तैयारी कई दिनों से की जा रही थी।

तोखन साहू ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने संस्था के सभी स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं की सराहना की।

गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में शुरू हुई संस्था आज एक बड़े सामाजिक अभियान का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और यह जरूरतमंद लोगों के जीवन की रक्षा करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

सांसद विजय बघेल ने संस्था के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन चिकित्सा, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में लगातार सेवा कार्य कर रही है। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि रक्तदान जीवनदान है और ऐसे आयोजनों से समाज में मानव सेवा की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 25 व्यक्तियों को छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान प्रदान किया गया। आयोजन के अंत में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की ओर से सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

संस्था ने कहा कि भविष्य में भी रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में इसी प्रकार के जनहितकारी अभियान लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।