नगर निगम सामान्य सभा में विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा का हुआ स्वागत

रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा में शहर विकास से जुड़े 14 प्रस्तावों को बहुमत से मंजूरी दी गई। बैठक में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा का महापौर मीनल चौबे और निगम अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। विधायक मिश्रा ने कहा कि पारित प्रस्तावों से रायपुर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

Oct 30, 2025 - 10:28
 0  37
नगर निगम सामान्य सभा में विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा का हुआ स्वागत

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की सामान्य सभा की बैठक आज निगम मुख्यालय के चतुर्थ तल स्थित सभा कक्ष में सभापति सूर्यकांत राठौड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। इसके पश्चात निर्धारित प्रश्नकाल संपन्न हुआ, जिसके बाद नगर के विकास से जुड़े कुल 14 एजेण्डों पर विस्तृत चर्चा की गई। विचार-विमर्श के उपरांत सभी एजेण्डे बहुमत से पारित किए गए।

सभा में दोपहर बाद रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित हुए। उनके आगमन पर महापौर  मीनल चौबे, निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि सामान्य सभा में पारित सभी प्रस्ताव रायपुर शहर के समग्र विकास से संबंधित हैं। इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, नागरिक सुविधाओं में विस्तार होगा तथा रायपुर को स्मार्ट और स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने वार्ड क्रमांक 34 के पार्षद आकाश तिवारी को नगर निगम रायपुर के नेता प्रतिपक्ष के रूप में अधिमान्य किए जाने पर शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि शहर के विकास के लिए सहयोगात्मक भूमिका निभाएं।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने विधायक मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रायपुर नगर निगम शहर के प्रत्येक नागरिक तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। बैठक में पारित सभी प्रस्तावों से नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ नगर की सौंदर्यीकरण योजनाओं को भी गति मिलेगी।

सभा में निगम पार्षदों, वरिष्ठ अधिकारियों और विभागीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति में शहर से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। सभी पार्षदों ने निगम प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और रायपुर को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ नगर बनाने के संकल्प को दोहराया।