देश के लिए मरने नहीं, जीने की जरूरत: वंदे मातरम् 150वीं वर्षगांठ पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का संदेश
रायपुर में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज देश के लिए मरने की नहीं, बल्कि अच्छा कार्य करते हुए देश के लिए जीने की जरूरत है। इस अवसर पर विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता पर महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम् आज भी भारत को एकजुट करने का मंत्र है। जब भी हमें देश के प्रति प्रेम और एकता का प्रदर्शन करना होता है, तब हम वंदे मातरम् का जयघोष करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस गीत को उचित सम्मान मिला है और इसे स्कूलों एवं कॉलेजों में अनिवार्य किए जाने से नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत हो रही है।
सांसद अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के समय ‘देश के लिए मरने’ की भावना थी, लेकिन आज समय बदल चुका है। अब देश को आगे बढ़ाने के लिए ‘देश के लिए जीने’ की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान 15 जनवरी को रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सामूहिक वंदे मातरम् गान का भी उल्लेख किया गया, जिसमें लगभग 5 लाख लोगों ने एक साथ दोपहर 12:55 बजे वंदे मातरम् का गायन किया था। यह आयोजन देश के सबसे बड़े सामूहिक आयोजनों में से एक माना गया, जिसने एकता और देशभक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सुभाष स्टेडियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, कलाकारों और विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इनमें श्री राम संगीत महाविद्यालय, मैट्स यूनिवर्सिटी, डिग्री गर्ल्स कॉलेज, गुरुकुल कॉलेज, डागा गर्ल्स कॉलेज, देवेंद्रनगर गर्ल्स कॉलेज, श्री बालाजी नर्सिंग कॉलेज, नारायणा नर्सिंग कॉलेज, दिशा नर्सिंग कॉलेज, सीजी नर्सिंग कॉलेज, कोलंबिया नर्सिंग कॉलेज, शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना और जवाहर नवोदय विद्यालय माना के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी गर्ग और छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सलूजा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दानसिंह देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संजय जोशी द्वारा किया गया।
इस दौरान कई गणमान्य अतिथि, समाजसेवी और कलाकार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया, बल्कि नई पीढ़ी में देशभक्ति और एकता की भावना को भी मजबूत करने का संदेश दिया।