यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर की गई। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नशे के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 22 मार्च को खमतराई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति विजय नगर भनपुरी से अरोरा धर्मकांटा की ओर स्कूटी में गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान स्कूटी में सवार दो व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिन्होंने अपना नाम शिव कुमार ढीमर (27 वर्ष) निवासी सुभाष नगर बीएसयूपी कॉलोनी, तेलीबांधा तथा शुभम घोष (29 वर्ष) निवासी शिव चौक, राजा तालाब, सिविल लाइन रायपुर बताया।
पुलिस द्वारा स्कूटी की तलाशी लेने पर एक थैले और डिग्गी से अलग-अलग पैकेट में गांजा बरामद हुआ। कुल 4 किलो 496 ग्राम गांजा की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन सहित कुल जब्ती की कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा उड़ीसा से लेकर आए थे और रायपुर में इसकी बिक्री करने की तैयारी में थे। पुलिस ने मौके पर ही गांजा और वाहन को जब्त कर लिया।
इस मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 175/2026 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा अन्य राज्यों से आने वाले मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।