सिविल लाइंस सिंधी पंचायत ने लिए समाजहित के अहम फैसले, प्रतिभा सम्मान से लेकर वृक्षारोपण तक होंगे कई आयोजन
रायपुर में सिविल लाइंस सिंधी पंचायत की कार्यकारिणी बैठक में समाज सेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्रतिभा सम्मान समारोह, जरूरतमंदों को नि:शुल्क छतरी वितरण, वृक्षारोपण और स्वतंत्रता दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह रायपुर l रायपुर में पूज्य सिविल लाइंस सिंधी पंचायत की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाजहित और जनसेवा से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक की शुरुआत पंचायत के संरक्षक, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी के सम्मान से हुई। उनके जन्मदिन के अवसर पर कार्यकारिणी सदस्यों ने पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा केक काटकर जन्मदिन मनाया।
बैठक के दौरान पंचायत ने समाज के मेधावी और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया। इस कार्यक्रम में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। पंचायत का उद्देश्य युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाना है।
वर्षा ऋतु को देखते हुए कार्यकारिणी ने जरूरतमंद मजदूरों, सब्जी विक्रेताओं, ठेला एवं गुमटी संचालकों को नि:शुल्क छतरियों का वितरण करने का भी निर्णय लिया। पंचायत का मानना है कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करना उसकी सामाजिक जिम्मेदारी है और इस तरह के प्रयासों से जरूरतमंद लोगों को राहत मिलेगी।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ग्राम गोदवारा, अमलेश्वर और भाटा में सुरक्षित स्थानों का चयन कर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहकर उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी पंचायत निभाएगी, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें।
बैठक में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ बाड़ा में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय पर्व के उपलक्ष्य में बूंदी और सेव का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा विमतारा हॉल में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माता की चौकी का आयोजन भी किया जाएगा।
अध्यक्ष संजय जयसिंग और महासचिव मोहन वर्ल्याणी ने कहा कि पंचायत आगे भी शिक्षा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक गतिविधियों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इन गतिविधियों में सहभागिता निभाने की अपील भी की।
बैठक में जय आर्य, दीपक खेमानी, सुशील दरीरा, विशाल नारंग, पप्पू दुल्हानी, शैलेंद्र नेनानी, राजेश गिदवानी, कमल वाधवा, नरेश पींजानी, संजय माखीजा, धनेश मटलानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी जतिन नचरानी ने बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत आने वाले समय में समाजहित के विभिन्न कार्यक्रमों को लगातार आगे बढ़ाएगी।