रायगढ़ में कॉलेज प्रोफेसर का अपहरण, आंखों पर पट्टी बांधकर UPI से ट्रांसफर कराए 1 लाख रुपये
रायगढ़ के पुसौर थाना क्षेत्र के जकेला गांव में इवनिंग वॉक पर निकले डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चाकू की नोक पर प्रोफेसर से मोबाइल, पासवर्ड और UPI की जानकारी हासिल कर करीब 1 लाख रुपये एक महिला के खाते में ट्रांसफर कराए। इसके बाद उन्हें भूपदेवपुर क्षेत्र के पंडरीपानी में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने रातभर कार्रवाई कर प्रोफेसर को सकुशल बरामद किया और 24 घंटे के भीतर एक आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के एक प्रोफेसर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता को आरोपियों ने रास्ते में पकड़ लिया और आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू की नोक पर बंधक बना लिया।
आरोपियों ने उनसे मोबाइल फोन, पासवर्ड और UPI से जुड़ी जानकारी हासिल की। इसके बाद एक महिला के खाते का QR कोड मंगवाकर प्रोफेसर के खाते से करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी से सकुशल रेस्क्यू किया।
पुलिस के मुताबिक घटना 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान महसूस होने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास एक माइलस्टोन पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन तथा छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपियों ने प्रोफेसर को मोटरसाइकिल से ग्राम पंडरीपानी, थाना भूपदेवपुर क्षेत्र में पहुंचाया। पुलिस के अनुसार वहां आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay तथा BHIM App से संबंधित जानकारी हासिल की। आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया और प्रोफेसर के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस के मुताबिक खाते की करीब 1 लाख रुपये की लिमिट समाप्त होने तक राशि ट्रांसफर की गई।
रकम ट्रांसफर कराने के दौरान आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन भी करवाया। उन्हें परिजनों से कुशल-मंगल होने की बात कहने के लिए मजबूर किया गया, ताकि परिवार को घटना की जानकारी न हो सके। इसके बाद आरोपियों ने उनकी आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।
इधर, प्रोफेसर के परिजनों को घटना को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और फेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। रातभर की कार्रवाई के बाद पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुसौर थाने में बीएनएस की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने उस महिला से संपर्क कर उसके खाते में ट्रांसफर कराई गई पूरी रकम को सुरक्षित कराने की कार्रवाई भी की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।