रायगढ़ पुलिस की लाइव मॉक ड्रिल, लूट और चेन स्नैचिंग पर त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन

रायगढ़ पुलिस ने जिले के रायगढ़, खरसिया और धरमजयगढ़ क्षेत्रों में लूट और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और नाकेबंदी व्यवस्था को परखने के लिए लाइव मॉक ड्रिल आयोजित की। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम और अपराधियों की धरपकड़ व्यवस्था की जांच की गई।

May 16, 2026 - 14:00
 0  0
रायगढ़ पुलिस की लाइव मॉक ड्रिल, लूट और चेन स्नैचिंग पर त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन

UNITED NEWS OF ASI. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ पुलिस ने जिले में लूटपाट और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखने के लिए बड़े स्तर पर लाइव मॉक ड्रिल आयोजित की। यह विशेष अभ्यास रायगढ़ शहर, खरसिया और धरमजयगढ़ तीनों सब-डिवीजन में एक साथ किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम, नाकेबंदी व्यवस्था और संदिग्धों की धरपकड़ की रणनीति को जांचना था।

यह मॉक ड्रिल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में गोपनीय तरीके से कराई गई। पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिलेभर में हाई अलर्ट जारी किया गया। अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर पुलिस जवानों की कार्रवाई, चेकिंग व्यवस्था और समन्वय का निरीक्षण किया।

रायगढ़ शहर में कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित की गई कि सिविल लाइन रोड पर एक महिला से चेन स्नैचिंग हुई है और बाइक सवार आरोपी सत्तीगुड़ी चौक की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस सक्रिय हो गई और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर तत्काल नाकेबंदी शुरू कर दी गई। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास बैग लूट की दूसरी घटना का डेमो भी कराया गया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहाड़ मंदिर के पास संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

खरसिया क्षेत्र में दोपहर के समय कंट्रोल रूम से लूटपाट की सूचना जारी की गई। सूचना मिलते ही थाना और चौकी स्तर पर सघन जांच अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। इस पूरे अभियान का नेतृत्व एसडीओपी प्रभात पटेल ने किया।

धरमजयगढ़ क्षेत्र में भी इसी तरह की मॉक ड्रिल कराई गई। कंट्रोल रूम से सूचना दी गई कि दशहरा मैदान में एक युवती से चेन स्नैचिंग कर बाइक सवार आरोपी कापू रोड की ओर भागे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों के हुलिए और वाहन की जानकारी सभी प्वाइंट पर साझा की। एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के नेतृत्व में धरमजयगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

इस संयुक्त मॉक ड्रिल के माध्यम से रायगढ़ पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि अपराध के बाद त्वरित पुलिस कार्रवाई और मजबूत नाकेबंदी व्यवस्था के जरिए अपराधियों को बच निकलने का मौका नहीं दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के अभ्यास जारी रहेंगे ताकि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि समय-समय पर ऐसी मॉक ड्रिल आयोजित करने से पुलिस की तैयारियों का आकलन होता है और जहां सुधार की जरूरत होती है, वहां आवश्यक बदलाव किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस मॉक ड्रिल में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रभावी रिस्पॉन्स दिखाया, जो जिले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है।