पारिवारिक विवाद में भाई ने बहन पर किया जानलेवा हमला, इलाज के दौरान युवती की मौत
बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम परसुली में पारिवारिक विवाद के चलते युवक ने अपनी ही बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
UNITED NEWS OF ASIA, सुनील साहू, बालोद l बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसुली में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी ही बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम परसुली निवासी तनिषा सोनकर ने घटना से कुछ घंटे पहले अपने भाई पोषण सोनकर के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत पुलिस में की थी। शिकायत मिलने के बाद देवरी थाना पुलिस गांव पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी। मामला पारिवारिक होने के कारण युवती ने बाद में अपना आवेदन वापस ले लिया था।
बताया जा रहा है कि देर रात तनिषा अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी भाई पोषण सोनकर गुस्से में उसके पास पहुंचा और धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल देवरी अस्पताल लेकर गए।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवती की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान तनिषा ने दम तोड़ दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी पोषण सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार भाई-बहन के बीच लंबे समय से पारिवारिक तनाव चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पारिवारिक कलह सामने आ रही है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना ने गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना बेहद दुखद और चिंताजनक है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें और हिंसा से बचें।