राहुल गांधी की नई टीम तैयार! कांग्रेस में ‘जनरेशन चेंज’ की तैयारी, 120 युवा नेता शॉर्टलिस्ट

कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति के लिए 120 नेताओं को शॉर्टलिस्ट किया गया है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने 30 नेताओं के इंटरव्यू भी लिए हैं। पार्टी में काम के रिकॉर्ड, जमीनी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को वरिष्ठता से ज्यादा महत्व देने की तैयारी है।

Sep 8, 2026 - 16:24
 0  17
राहुल गांधी की नई टीम तैयार! कांग्रेस में ‘जनरेशन चेंज’ की तैयारी, 120 युवा नेता शॉर्टलिस्ट

UNITED NEWS OF ASIA. नई दिल्ली। कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पार्टी को पुराने ढर्रे से बाहर निकालकर अधिक सक्रिय, युवा और जमीन से जुड़े संगठन के रूप में तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। राष्ट्रीय संगठन में नई नियुक्तियों के लिए अब केवल राजनीतिक वरिष्ठता को आधार बनाने के बजाय नेताओं के काम का रिकॉर्ड, जमीनी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को प्राथमिकता देने की तैयारी है।

इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पद के लिए चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने 30 नेताओं के इंटरव्यू लिए। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी इस प्रक्रिया में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नेताओं को 10-10 के समूह में दिल्ली बुलाकर इंटरव्यू लिया जा रहा है।

इंटरव्यू के दौरान राहुल गांधी उम्मीदवारों से उनके पिछले संगठनात्मक अनुभव, पार्टी के लिए किए गए काम और भविष्य की राजनीतिक रणनीति से जुड़े सवाल कर रहे हैं। खास बात यह है कि जिन नेताओं को इस प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है, उनका विस्तृत कामकाजी रिपोर्ट कार्ड पार्टी नेतृत्व के पास पहले से मौजूद है। ऐसे में चयन प्रक्रिया में केवल दावों के बजाय नेताओं के वास्तविक प्रदर्शन को महत्व मिलने की संभावना है।

कांग्रेस राष्ट्रीय सचिवों की मौजूदा टीम में भी बड़े फेरबदल की तैयारी कर रही है। पार्टी के मौजूदा 60 फीसदी से अधिक सचिवों को बदलकर नए चेहरों को जिम्मेदारी देने की योजना पर काम किया जा रहा है। कुल 120 नेताओं के इंटरव्यू के बाद राष्ट्रीय सचिवों की नई टीम में नियुक्तियां होने की बात सामने आई है। संगठन सृजन अभियान में ऑब्जर्वर की भूमिका निभा चुके नेताओं को भी चयन प्रक्रिया में विशेष प्राथमिकता मिलने की संभावना जताई जा रही है।

दरअसल, राहुल गांधी लंबे समय से कांग्रेस में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने और प्रतिभा के आधार पर नेताओं के चयन की वकालत करते रहे हैं। यूथ कांग्रेस और NSUI में इंटरव्यू आधारित चयन की प्रक्रिया को इसी प्रयोग के तौर पर देखा गया था। अब इसी मॉडल को राष्ट्रीय संगठन में भी लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

प्रदेश और जिला स्तर पर युवा नेताओं को जिम्मेदारियां देने के बाद कांग्रेस अब राष्ट्रीय स्तर पर भी नई पीढ़ी के चेहरों को आगे लाने की तैयारी में है। पार्टी का लक्ष्य अलग-अलग राज्यों और सामाजिक वर्गों से आने वाले ऐसे नेताओं की टीम तैयार करना है, जो संगठन के साथ लगातार जमीन पर सक्रिय रहें और राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी तरीके से सामना कर सकें।

कांग्रेस की यह कवायद राहुल गांधी के लंबे समय से बताए जा रहे ‘जनरेशन चेंज’ के एजेंडे को संगठनात्मक रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में राष्ट्रीय सचिवों की नई टीम के गठन से पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और नेतृत्व शैली में बदलाव देखने को मिल सकता है।