कलेक्टर के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों में तेजी, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जारी
बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम जारी है। कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के साथ बैठक कर गड्ढों एवं दलदलनुमा मार्गों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर l जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों को गति देने के साथ ही वर्षा ऋतु में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी ने सड़क निर्माण की प्रगति और बारिश से प्रभावित मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश के बाद संबंधित एजेंसियों द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्सों का चिन्हांकन कर सुधार एवं संधारण का काम तेज कर दिया गया है।
कलेक्टर ने 7 सितंबर को जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए संबंधित उप-अभियंता, प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग टीम, अनुविभागीय अधिकारी तथा अनुबंधक के डायरेक्टर के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में राजपुरीखुर्द से पस्ता-पाढ़ी तक प्रस्तावित 49 किलोमीटर नवीन सड़क निर्माण कार्य तथा बलरामपुर से रामानुजगंज तक 29 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को ऐसे स्थानों का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन करने तथा आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक सुधार कार्य तेजी से पूरा करने को कहा।
कलेक्टर के निर्देशों के अनुपालन में निर्माण एजेंसियों ने सड़क के उन हिस्सों को चिन्हित करना शुरू किया है, जहां बारिश के कारण मार्ग की स्थिति खराब हुई है। संबंधित एजेंसियों के माध्यम से इन स्थानों पर मरम्मत और संधारण का कार्य कराया जा रहा है।
जिले के ग्राम बरियों, बासेन, पस्ता, भकुरा, राजपुर, झींगो, तातापानी और कमलपुर में बारिश के कारण सड़क के कुछ हिस्सों की स्थिति दलदलनुमा हो गई थी। इससे विशेष रूप से बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी सामने आ रही थी और वाहनों के फंसने की स्थिति बन रही थी। इन स्थानों को चिन्हित कर संधारण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
निर्माण एजेंसियों द्वारा प्रभावित मार्गों पर आवश्यक सुधार कार्य जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत योग्य सड़कों का चिन्हांकन कर संबंधित एजेंसियों को कार्य सौंपा गया है और जल्द ही इन कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे बारिश के दौरान प्रभावित हुए मार्गों पर आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।
जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों के संधारण पर प्रशासन की निगरानी बनी हुई है। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।