महीनों से बंद पड़ा स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण बोले- अब अस्पताल के भरोसे नहीं, देवी-देवता ही सहारा

नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक में ग्राम पंचायतों के दौरे के दौरान स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति सामने आई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हांदावाड़ा और उप स्वास्थ्य केंद्र बेड़मा के कई महीनों से बंद होने की बात ग्रामीणों ने कही। वहीं माध्यमिक विद्यालय जास्म में वर्ष 2023 से शौचालय निर्माण अधूरा बताया गया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र शुरू कराने और शौचालय निर्माण पूरा कराने की मांग की है।

Oct 2, 2026 - 16:16
 0  27
महीनों से बंद पड़ा स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण बोले- अब अस्पताल के भरोसे नहीं, देवी-देवता ही सहारा

UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर/छोटेडोंगर। जिले के ओरछा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में दौरे के दौरान स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी के ग्राम पंचायतों के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और स्कूल में अधूरे पड़े शौचालय निर्माण को लेकर अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने संबंधित व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की।

दौरे के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हांदावाड़ा और उप स्वास्थ्य केंद्र बेड़मा का भी जायजा लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधा नियमित रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र कई महीनों से बंद पड़ा है, जिसके चलते सामान्य बीमारी से लेकर गंभीर स्वास्थ्य समस्या तक लोगों को उपचार के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों सहित जरूरतमंद मरीजों पर पड़ता है। बीमारी गंभीर होने की स्थिति में लोगों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार लगातार स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ लोग गंभीर बीमारी की स्थिति में मजबूरी में देवी-देवताओं के पास जाकर पारंपरिक तरीके से उपचार कराने का सहारा लेते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधा बाधित रहने के कारण उनका अस्पताल व्यवस्था पर भरोसा कम हुआ है।

दौरे के दौरान शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्या भी सामने आई। माध्यमिक विद्यालय जास्म में शौचालय निर्माण का काम वर्ष 2023 से अधूरा होने की बात ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने कही। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय की सुविधा नहीं होने से बच्चों को नदी-नालों का सहारा लेना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा आवश्यक है। लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की जरूरत है, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी से राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हांदावाड़ा और उप स्वास्थ्य केंद्र बेड़मा को तत्काल शुरू कराने तथा माध्यमिक विद्यालय जास्म में अधूरे शौचालय निर्माण को पूरा कराने की मांग जिला पंचायत सदस्य के सामने रखी।

इस पर जिला पंचायत सदस्य राकेश उसेंडी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई की मांग करने की बात कही। ग्रामीणों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी इन समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं बेहतर हो सकेंगी।