कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक राजेंद्र यादव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नवोदय एलुमनाई तोरण साहू, प्राचार्य अभ्योदय स्कूल कवर्धा तथा बारले, पूर्व प्राचार्य, शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कवर्धा उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं नवोदय विद्यालयों के संस्थापक राजीव गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि राजेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नवोदय विद्यालय केवल शिक्षा देने वाला संस्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की श्रेष्ठ पाठशाला है। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का मूल मंत्र निरंतर सीखते रहना, सकारात्मक सोच बनाए रखना और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है।
विद्यालय के प्राचार्य एन.के. लांजेवार ने स्वागत उद्बोधन में नवोदय विद्यालय की स्थापना के उद्देश्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की परंपरा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। संगीत शिक्षक सी.के. यादव के मार्गदर्शन में प्रस्तुत कार्यक्रमों में नवोदय विद्यालय के इतिहास, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन नियति बघेल ने किया, जबकि अंत में वरिष्ठ शिक्षक एस.के. मिश्रा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
नवोदय स्थापना दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में शिक्षा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रेरणादायी आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।