Dantewada News : 13 दिसंबर को होगा नेशनल लोक अदालत का आयोजन, दंतेवाड़ा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक संपन्न
नालसा और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दंतेवाड़ा ने न्याय सदन में बैठक आयोजित की। बैठक में प्रधान जिला न्यायाधीश संतोष कुमार आदित्य ने विभागों को अधिकतम मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत करने और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा |राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दंतेवाड़ा द्वारा न्यायालय परिसर स्थित न्याय सदन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार आदित्य ने की।
बैठक में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, दंतेवाड़ा न्यायालय के पीठासीन न्यायाधीश, अधिवक्तागण, बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि, नगर पालिका दंतेवाड़ा, गीदम, बारसूर के अधिकारी, विद्युत विभाग, दूरसंचार विभाग, भारतीय स्टेट बैंक, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, कैनरा बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक तथा जिला अंत्यावसायी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी विभागों और बैंकों ने नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरण प्रस्तुत करने एवं न्याय प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने पर सहमति जताई, ताकि नागरिकों को त्वरित और सरल न्याय का अधिकतम लाभ मिल सके।
प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संतोष कुमार आदित्य ने निर्देशित किया कि लंबित तथा उपयुक्त प्रकरणों को अधिकतम संख्या में लोक अदालत में रखा जाए और उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत न्याय प्रदान करने का एक प्रभावी माध्यम है, जो समय, धन और श्रम तीनों की बचत करता है। इसलिए सभी विभागों व बैंकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।