समीक्षा बैठक में महिला शिक्षिका से अभद्रता के आरोप की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

मोहला में जोन स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान महिला शिक्षिका से कथित अभद्रता और अश्लील हरकत के आरोपों के बाद शिक्षा विभाग ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत मोहला थाना और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है।

Jun 16, 2026 - 15:38
 0  127
समीक्षा बैठक में महिला शिक्षिका से अभद्रता के आरोप की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

UNITED NEWS OF ASIA. जावेद खान, मानपुर l मोहला-मानपुर-चौकी जिले में शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले शिक्षा विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। जोन स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान एक महिला शिक्षिका के साथ कथित अश्लील हरकत और अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। घटना के सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और शिक्षा जगत में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 जून को आयोजित जोन स्तरीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षिकाएं शामिल हुए थे। बैठक समाप्त होने के बाद स्वल्पाहार के दौरान एक शिक्षक पर महिला शिक्षिका के साथ अभद्रता और अशोभनीय व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। महिला शिक्षिका ने इस संबंध में मोहला थाना और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में महिला शिक्षिका ने माध्यमिक शाला भालापुर में पदस्थ एक शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर अन्य महिला शिक्षिकाओं ने भी शिक्षा विभाग के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति से जुड़ा नहीं है, बल्कि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से संबंधित है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र देवांगन ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। गठित जांच दल में सीमा वर्मा, प्राचार्य पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय मोहला, उषा पेंद्रे, प्राचार्य शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहला तथा पीलालाल देशमुख, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक समग्र शिक्षा मोहला को शामिल किया गया है।

जांच समिति को मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज कर तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएगी और रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र देवांगन ने कहा कि शिक्षिकाओं की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विभागीय नियमों के तहत उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अभद्र व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और शिक्षा विभाग की ओर से रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के निष्कर्ष आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।