मोदी सरकार के 12 वर्ष ऐतिहासिक, गरीब, युवा, किसान और महिलाओं का हुआ सशक्तिकरण : अमित चिमनानी

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के लिए ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं से गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को व्यापक लाभ मिला है तथा छत्तीसगढ़ के विकास को भी नई गति मिली है।

Jun 16, 2026 - 16:16
 0  7
मोदी सरकार के 12 वर्ष ऐतिहासिक, गरीब, युवा, किसान और महिलाओं का हुआ सशक्तिकरण : अमित चिमनानी

UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर सेन, खैरागढ़ l भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है।

अमित चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। साथ ही प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये की राशि गलत हाथों में जाने से बचाई गई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों नागरिकों को सीधा लाभ मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन मिला है, जबकि जल जीवन मिशन के जरिए 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ प्राप्त हुआ है।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मजबूत किया है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के माध्यम से भारत ने अपनी क्षमता और संकल्प का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद पर नियंत्रण और सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार ने प्रभावी कार्य किया है।

अमित चिमनानी ने कहा कि विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के सम्मान के लिए भी अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। कर्तव्य पथ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, पंचतीर्थ और जनजातीय गौरव दिवस जैसी पहलें इसी सोच का परिणाम हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में छत्तीसगढ़ को 5.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई है। रेलवे विकास के लिए 7,470 करोड़ रुपये का बजट, पांच नए मेडिकल कॉलेज, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे तथा जनजातीय कल्याण से जुड़ी योजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगी।

प्रेसवार्ता में डॉ. बिशेषर साहू, घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, प्रकाश सिंह, उमा चौबे, दिनेश वर्मा, विनय चोपड़ा और यतीश साहू सहित भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।