विधानसभा में विधायक भावना बोहरा ने उठाए शिक्षा, खेल प्रोत्साहन और अतिक्रमण के मुद्दे

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा सत्र में ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में सहायक शिक्षकों की कमी, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और कबीरधाम जिले में अतिक्रमण व यातायात व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने गन्ना किसानों के हितों और कृषि विकास के लिए भी कई मांगें सदन के समक्ष रखीं।

Mar 11, 2026 - 18:40
 0  4
विधानसभा में विधायक भावना बोहरा ने उठाए शिक्षा, खेल प्रोत्साहन और अतिक्रमण के मुद्दे

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक Bhavna Bohra ने विधानसभा सत्र के दौरान जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में सहायक शिक्षकों की कमी, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और नगरीय निकायों में अतिक्रमण व यातायात व्यवस्था जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगा।

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक भावना बोहरा ने दूरस्थ वनांचल और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में संचालित शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या प्रदेश के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में बड़ी संख्या में सहायक शिक्षकों के पद रिक्त हैं और क्या इससे विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।

इस प्रश्न के लिखित उत्तर में स्कूल शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगभग 25 हजार से अधिक सहायक शिक्षकों के पद रिक्त हैं। वहीं कबीरधाम जिले के कवर्धा, बोड़ला, पंडरिया और सहसपुर लोहरा विकासखंड में कुल 172 पद रिक्त हैं। सरकार द्वारा इन रिक्तियों को भरने के लिए बस्तर और सरगुजा संभाग में सीधी भर्ती और युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

इसके साथ ही विधायक बोहरा ने ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के विषय में भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि राज्य सरकार द्वारा ऐसे खिलाड़ियों की पहचान, चयन और प्रशिक्षण के लिए कौन-कौन सी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

इस पर उपमुख्यमंत्री Arun Sao ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर, महिला खेल प्रतियोगिता, ग्रामीण खेल अभ्यास योजना, छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना और खेलो इंडिया लघु केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि कबीरधाम जिले में खेल प्रतिभा विकास के लिए वर्ष 2023-24 में लगभग 95 लाख 18 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिसमें से 91 लाख 84 हजार रुपये खर्च किए गए। वहीं वर्ष 2024-25 में लगभग 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई, जिसमें से 56 लाख से अधिक खर्च किए गए।

विधानसभा में चर्चा के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कृषि बजट अनुदान मांग पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने पंडरिया क्षेत्र के गन्ना किसानों के हितों की रक्षा, उन्नत बीज की उपलब्धता, समय पर भुगतान और समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में गन्ना अनुसंधान केंद्र स्थापित करने और किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण देने की बात कही।

उन्होंने पपीता और टमाटर जैसी बागवानी फसलों को भी फसल बीमा योजना में शामिल करने की मांग रखी तथा ग्राम रणवीरपुर में कृषि महाविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा।

इसके अलावा विधायक बोहरा ने कबीरधाम जिले के नगरीय निकायों में अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। सरकार की ओर से बताया गया कि पिछले एक वर्ष में जिले में 97 अतिक्रमण चिन्हित किए गए, जिनमें से 95 को हटाया जा चुका है और दो मामले अभी लंबित हैं।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण और पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम 2014 के प्रावधानों के तहत की जाती है और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए स्थानीय निकाय और यातायात पुलिस मिलकर संयुक्त कार्रवाई करते हैं।