महासमुंद में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, क्रेटा और स्विफ्ट कार से 37.300 किलो गांजा जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद जिले में ऑपरेशन निश्चय के तहत वाहन चेकिंग के दौरान एएनटीएफ और सांकरा पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, क्रेटा और स्विफ्ट कार से 37.300 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 7.40 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल दोनों कारों और 6 मोबाइल समेत कुल 17.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक गांजा ओडिशा के सोनपुर से लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की योजना थी।

Sep 17, 2026 - 15:56
 0  2
महासमुंद में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, क्रेटा और स्विफ्ट कार से 37.300 किलो गांजा जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एएनटीएफ और थाना सांकरा पुलिस को कार्रवाई में सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान क्रेटा और सफेद रंग की स्विफ्ट कार से गांजा परिवहन करने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों से कुल 37.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 40 हजार रुपये है।

पुलिस के मुताबिक एएनटीएफ को जिले में गांजा तस्करी के साथ-साथ तस्करी के स्रोत और गंतव्य की पहचान तथा वित्तीय जांच के संबंध में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश मिले हैं। इसी के तहत महासमुंद जिले में अलग-अलग स्थानों पर लगातार वाहन चेकिंग की जा रही है। इसी दौरान सांकरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक क्रेटा कार और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में ओडिशा से सांकरा होते हुए रायपुर की ओर गांजा ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने बल्दीड़ीह चौक, एनएच-53 रोड सांकरा के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार क्रेटा और स्विफ्ट कार वहां पहुंचीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर चालकों और सवार लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वाहनों में गांजा होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों कारों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल 37.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने मामले में महेंद्र पटेल उर्फ रितेश, टिके लाल मांझी उर्फ टिक्कू, सुमित शर्मा, देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश, गितेश नायक, नवसागर पटेल उर्फ नूतन और मंसुर खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी महासमुंद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 160/26 दर्ज किया गया है और नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 37.300 किलोग्राम गांजा, एक क्रेटा कार, एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार गांजे की कीमत 7 लाख 40 हजार रुपये, क्रेटा की कीमत 6 लाख रुपये, स्विफ्ट की कीमत 3 लाख रुपये और 6 मोबाइल की कीमत करीब 70 हजार रुपये है। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत 17 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा ओडिशा के सोनपुर से लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की योजना थी। मामले में पुलिस तस्करी के नेटवर्क, गांजे के स्रोत और संभावित गंतव्य को लेकर आगे की जांच कर रही है। ऑपरेशन निश्चय के तहत हुई इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में की गई कार्रवाई के तौर पर बताया गया है।