कोरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही पर कलेक्टर रोक्तिमा यादव सख्त, अनुपस्थित डॉक्टर को नोटिस और कर्मचारी को फटकार

कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने बुडार, सरभोका और पटना स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। अनुपस्थित डॉक्टर को नोटिस जारी करने और देर से पहुंची कर्मचारी को फटकार लगाने के साथ रात्रिकालीन चिकित्सा सेवाएं, स्वच्छता और संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए।

Oct 15, 2026 - 07:53
 0  3
कोरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही पर कलेक्टर रोक्तिमा यादव सख्त, अनुपस्थित डॉक्टर को नोटिस और कर्मचारी को फटकार

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही और अव्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुडार, सरभोका और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, ओपीडी संचालन, साफ-सफाई और गर्भवती महिलाओं की देखभाल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित डॉक्टर को नोटिस जारी करने और देर से पहुंची कर्मचारी को फटकार लगाते हुए समय पर ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं जैसे संवेदनशील क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी करने तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुडार के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रतिदिन ओपीडी में आने वाले मरीजों और उपलब्ध उपचार सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के समय डॉक्टर की अनुपस्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने अनुपस्थित डॉक्टर सृष्टि शिवहरे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को समय पर उपचार देने को कहा।

कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच और एंटीनेटल केयर की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने पंजीकरण अभिलेखों का अवलोकन करते हुए गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, पोषण और सुरक्षित मातृत्व से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरभोका में निरीक्षण के दौरान आरएचओ लक्ष्मी कन्नौजे के देर से पहुंचने पर कलेक्टर ने फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को समयपालन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में कलेक्टर ने ओपीडी काउंटर, शिकायत पेटी, अस्पताल के वार्डों और शौचालयों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मरीजों की भीड़ को देखते हुए उन्होंने चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रेष्ठ मिश्रा को रात्रिकालीन सेवाओं के लिए डॉक्टरों और आवश्यक कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर और उद्यान में साफ-सफाई की कमी मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने खरपतवार और घासफूस हटाकर परिसर को स्वच्छ रखने तथा मरीजों के परिजनों के बैठने की उचित व्यवस्था करने को कहा।

कलेक्टर ने मितानिनों की बैठक लेकर संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए सक्रिय प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, वजन और पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। साथ ही मितानिनों से महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों में सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित करने की अपील की।

उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों तथा उनके परिजनों के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बेहतर उपचार के साथ अच्छा व्यवहार भी मरीजों का विश्वास बनाए रखने के लिए जरूरी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक रजिस्टर, पंजी और अन्य अभिलेख व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, रात्रिकालीन चिकित्सा सुविधाओं और स्वच्छता की लगातार समीक्षा की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।