कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने दी 7.68 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, सड़क और सामुदायिक भवनों का किया भूमिपूजन
कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने कोण्डागांव और माकड़ी विकासखंड के विभिन्न गांवों में 7 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें डामरीकरण सड़क, पुल-पुलिया, सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव l बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने बुधवार को कोण्डागांव और माकड़ी विकासखंड के विभिन्न गांवों में 7 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों में डामरीकरण सड़क, पुल-पुलिया, सीसी रोड, मावली गुड़ी और सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं बेहतर होने के साथ सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना का विस्तार होगा।
विधायक लता उसेंडी ने कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम पलारी के नानीपदर पारा में 15 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके अलावा ग्राम पल्ली में 3 लाख रुपये की लागत से मावली गुड़ी निर्माण और 10 लाख रुपये की लागत से आदिवासी सामुदायिक भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
माकड़ी विकासखंड में ग्राम बबई से ग्राम करमरी दुर्गा चौक तक 3 करोड़ रुपये की लागत से 2.80 किलोमीटर लंबी डामरीकरण सड़क और पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इसी प्रकार ग्राम बालोंड में कालीपारा से हुक्काबेड़ा पाथरी तक 4 किलोमीटर लंबी डामरीकरण सड़क और पुल-पुलिया निर्माण के लिए 4 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं से ग्राम बबई और बालोंड के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पक्की सड़क की मांग पूरी होने का रास्ता साफ हुआ है।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को सुखी, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के माध्यम से किसानों को आर्थिक मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है।
लता उसेंडी ने ग्रामीणों से श्रम पंजीयन कराने और शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी योजना का उल्लेख करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से गांवों की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, जनपद पंचायत माकड़ी अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जनपद पंचायत कोण्डागांव उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, भगवती नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।