यादव बर्तन भंडार चोरी मामले का खुलासा, कबीरधाम पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

कवर्धा के नवीन बाजार स्थित यादव बर्तन भंडार में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

Jun 7, 2026 - 11:43
 0  2
यादव बर्तन भंडार चोरी मामले का खुलासा, कबीरधाम पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में अपराध नियंत्रण और आरोपियों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत थाना कवर्धा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। नवीन बाजार स्थित यादव बर्तन भंडार में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मठपारा निवासी रूपचंद यादव ने थाना कवर्धा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 और 5 जून 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान यादव बर्तन भंडार का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से कांसे, तांबे, पीतल और स्टील के विभिन्न बर्तन सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कवर्धा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीपीओ आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर रेवाबंध तालाब के पास घेराबंदी कर संदेही परमेश्वर धुर्वे को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी बादल सतनामी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर चोरी किए गए सामान को बरामद कर विधिवत जब्त किया। जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित पाए जाने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।

आरोपी परमेश्वर धुर्वे को 6 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं मामले का दूसरा आरोपी बादल सतनामी अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और तलाश अभियान जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और साइबर टीम की सहायता से अपराधियों तक पहुंचने में सफलता मिल रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी योगेश कश्यप, साइबर थाना प्रभारी उमा शंकर राठौर, प्रधान आरक्षक धन्नु दिवाकर, आरक्षक धर्मेंद्र मेरावी, विजय शर्मा, कपिल धुर्वे तथा साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नागरिकों के सहयोग से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सकती है।