कवर्धा में बिजली बिल समाधान अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 616 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन

कवर्धा जिले में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविरों में अब तक 616 उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया है। इन प्रकरणों में 26.72 लाख रुपये से अधिक का बकाया दर्ज है, जबकि योजना के तहत 11.03 लाख रुपये से अधिक की छूट दी गई है। शिविरों में बिजली बिल समाधान के साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान और विद्युत शिकायतों के निराकरण की जानकारी भी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही है।

Sep 21, 2026 - 19:15
 0  1
कवर्धा में बिजली बिल समाधान अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 616 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत कवर्धा जिले में आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविरों में उपभोक्ताओं की भागीदारी बढ़ रही है। इन शिविरों का उद्देश्य पात्र उपभोक्ताओं को पुराने बिजली बिलों के बकाये में राहत दिलाने के साथ विद्युत विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। जिले में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में अब तक 616 उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत पंजीयन कराया है।

इन पंजीकृत प्रकरणों में कुल 26 लाख 72 हजार 213.22 रुपये की बकाया राशि दर्ज की गई है। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को कुल 11 लाख 03 हजार 654.90 रुपये की छूट प्रदान की गई है। शिविरों में उपभोक्ताओं को उनकी पात्रता, बकाया राशि और योजना के तहत मिलने वाली राहत की जानकारी मौके पर दी जा रही है। इसके साथ ही विद्युत संबंधी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

कबीरधाम जिले में नवघटा, सिल्हाटी, खारा, महाराजपुर, पिपरिया, कोसमंता, मरका, सिंघनपुरी, बरबसपुर, रामपुर, उडियाकला, रणजीतपुर, समनापुर, छिरहा, लखनपुर, लालपुर, मैनपुरी, बानो, गौरमाटी, बिरकोना, इंदौरी, गेगड़ा और मजगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 के तहत पात्र उपभोक्ताओं को पुराने बकाया बिजली बिलों पर लगे सरचार्ज या अधिभार में राहत का प्रावधान है। निष्क्रिय घरेलू एवं कृषि कनेक्शनों के मूल बकाया में 50 प्रतिशत तक तथा बीपीएल परिवारों के बंद कनेक्शनों के मूल बकाया में 75 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान बताया गया है। पंजीयन के समय न्यूनतम 5 प्रतिशत राशि जमा करने के बाद शेष राशि निर्धारित आसान किस्तों में बिना अतिरिक्त अधिभार के जमा करने की सुविधा भी दी जा रही है। एकमुश्त भुगतान पर मूल राशि में अतिरिक्त छूट का प्रावधान भी है।

कवर्धा संभाग के कार्यपालन अभियंता मनीष कुमार साहू ने बताया कि सेवा सेतु शिविरों में बिजली बिल समाधान योजना के साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए भी उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण और बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।

शिविरों में बिजली बिल, मीटर, विद्युत आपूर्ति, वोल्टेज और अन्य समस्याओं को भी सुना जा रहा है। उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए संबंधित कार्यालय और निर्धारित माध्यमों की जानकारी दी जा रही है। सेवा सेतु शिविर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक तहसील और ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।

पात्र उपभोक्ता योजना का लाभ लेने के लिए ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप, आधिकारिक माध्यम या नजदीकी विद्युत कार्यालय एवं सेवा सेतु शिविर से संपर्क कर सकते हैं। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से शिविरों में पहुंचकर अपनी पात्रता की जानकारी लेने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।