कवर्धा में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी और पश्चिम भारत विज्ञान मेला में युवा वैज्ञानिकों की प्रतिभा दमकी
कवर्धा में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद रायपुर और नेहरू विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2025-26 का जोन स्तरीय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिलेभर के विद्यार्थियों ने नवाचारी प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित किया।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, छत्तीसगढ़ रायपुर तथा नेहरू विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला 2025-26 का जोन स्तरीय आयोजन कवर्धा में संपन्न हुआ। जोन प्रभारी बी.आर. लहरे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विज्ञान के विविध विषयों पर अपने नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यू.आर. चंद्राकर, सहायक संचालक, तथा विशिष्ट अतिथि डी.एस. जोशी, प्राचार्य स्वामी करपात्री जी शासकीय विद्यालय, जे.के. सिंह, सदस्य माध्यमिक शिक्षा मंडल, और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
एकल प्रोजेक्ट वर्ग में पारस साहू (सेजेस हिन्दी कवर्धा) प्रथम और मौसमी चंद्रवंशी (सेजेस बोडला) द्वितीय स्थान पर रहीं। टीम प्रोजेक्ट में विदुला और रिशिता (सेजेस अंग्रेजी कवर्धा) प्रथम रहीं। विज्ञान क्लब में भुवनेश्वरी टंडन (शा.उ.मा.वि. कंडरका) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान नाटिका वर्ग में सोमनापुर स्कूल की टीम प्रथम रही।
बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2025-26 में सतत कृषि विधा में गौरव साहू (सेजेस कुसमी) प्रथम, अपशिष्ट प्रबंधन वर्ग में ओम कुमार (पीएम श्री सेजेस बोडला) और हरित ऊर्जा वर्ग में हेमलता वाकले (सेजेस अंग्रेजी बोडला) प्रथम रहीं।
जिला शिक्षा अधिकारी वर्मा सहित निर्णायक मंडल के सदस्यों ने इस आयोजन को युवा पीढ़ी में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने वाला मंच बताया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और अनुसंधान भावना को प्रोत्साहित करने का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।