जंगल में जुआ खेलने पहुंचे आरोपी पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार, 14 मोटरसाइकिलें जप्त

कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र में जंगल में चल रही जुआ गतिविधि पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस कार्रवाई की आहट मिलते ही सभी जुआरी अपनी मोटरसाइकिलें छोड़कर भाग निकले। मौके से 14 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। फरार आरोपियों की पहचान जारी है और कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Nov 18, 2025 - 15:33
 0  23
जंगल में जुआ खेलने पहुंचे आरोपी पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार, 14 मोटरसाइकिलें जप्त

 UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की नीति के तहत कबीरधाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन में, एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में थाना बोड़ला पुलिस ने जंगल में चल रही जुआ गतिविधि पर एक प्रभावी छापा मार कार्रवाई की।

घटना 14 नवंबर 2025 की है। बोड़ला थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा को गोपनीय सूचना मिली कि ग्राम छुही नाला किनारे जंगल में कुछ लोग जुआ खेलने के लिए जुटे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस की पहुंच से पहले ही कार्रवाई की आहट सुनते ही वहां मौजूद जुआरी घबराकर अपनी मोटरसाइकिलें वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।

पुलिस को मौके पर कोई जुआरी तो नहीं मिला, लेकिन नाला किनारे और आसपास के खेतों में कुल 14 मोटरसाइकिलें खड़ी मिलीं, जो जुआ गतिविधि का स्पष्ट प्रमाण थीं। ग्रामीणों को मौके पर बुलाकर वाहनों की तस्दीक की गई, मगर कोई भी व्यक्ति इन मोटरसाइकिलों का दावा करने या जुआ गतिविधि के बारे में जानकारी देने सामने नहीं आया। वाहनों का इस तरह परित्यक्त होना यह दर्शाता है कि जुआरी पुलिस की भनक लगते ही स्थल से फरार हुए।

संदिग्ध परिस्थितियों और जुआ खेलने के ठोस संकेतों के आधार पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष सभी 14 मोटरसाइकिलों को जप्त किया और उन्हें थाना में सुरक्षित रखा गया है। मौके पर पुलिस ने पंचनामा, जप्ती पत्रक, रोजनामचा एवं अन्य विधिक दस्तावेजों की कार्यवाही पूरी की। इसके बाद आज धारा 106 BNSS के तहत मामला दर्ज करते हुए इस्तगासा माननीय न्यायालय को प्रस्तुत कर दिया गया है।

प्राप्त मोटरसाइकिलों के चेचिस और इंजन नंबर के आधार पर परिवहन विभाग से सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि वास्तविक वाहन स्वामियों की पहचान की जा सके। साथ ही जंगल से भागे सभी संदिग्ध जुआरियों की पहचान की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। पहचान होने पर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध लेनदेन और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार ऐसे क्षेत्रों पर कड़ी नजर रख रही है जहां अवैध गतिविधियों की आशंका रहती है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, जुआ-सट्टा या अवैध लेनदेन की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचित करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।