शराब के पैसे नहीं देने पर घर में आगजनी, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी: जांजगीर में दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने के लिए पैसे की मांग को लेकर दो युवकों ने महिला के घर में आग लगा दी, तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Jan 18, 2026 - 16:02
 0  40
शराब के पैसे नहीं देने पर घर में आगजनी, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी: जांजगीर में दो आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पांडे, चंपा | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहाँ शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर दो युवकों ने एक महिला के घर में आग लगाकर तोड़फोड़ की और महिला व उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता जांजगीर में अपनी बेटी के साथ निवास करती है। 16 जनवरी 2026 को वह अपने निजी कार्य से जांजगीर बाजार गई हुई थी, जबकि उसकी बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान मोहनलाल राठौड़ अपने एक साथी अमित यादव के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और शराब पीने के लिए लगातार पैसे की मांग करने लगा। बेटी द्वारा मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को वहां से भगा दिया।

कुछ समय बाद दोनों आरोपी दोपहर करीब 1 बजे फिर से पीड़िता के घर के पास पहुंचे। इस बार वे अपने साथ एक पानी की बोतल में पेट्रोल लेकर आए थे। आरोपियों ने घर को जलाने की नीयत से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे घर का दरवाजा पूरी तरह जल गया। आसपास के लोगों की मदद से आग को बुझाया गया।

इसके बावजूद आरोपी नहीं रुके। उन्होंने जले हुए दरवाजे को तोड़कर जबरन घर में प्रवेश किया, घर में तोड़फोड़ की, गाली-गलौज की और महिला तथा उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को सूचना दी गई, जिनके निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर एवं आरक्षक शंकर राजपूत की विशेष भूमिका रही।