अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्राम सखौली में जन जागरूकता कार्यक्रम, योगासन और प्रतियोगिताओं से ग्रामीणों को किया गया प्रेरित
केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम सखौली में विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में योगाभ्यास, रंगोली प्रतियोगिता और प्रश्न मंच के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सखौली के उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर में एक दिवसीय विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं के बीच योग के महत्व को पहुंचाना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या अनीता कुजूर, संकुल समन्वयक सलीम खान, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान योग विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
योग सत्र में ताड़ासन, अनुलोम-विलोम, वज्रासन, पवनमुक्तासन, भ्रामरी, सूर्य नमस्कार और हलासन जैसे महत्वपूर्ण योगासनों का प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का संकल्प लिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, शरीर को स्वस्थ रखने और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जन जागरूकता को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कार्यक्रम में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। स्थानीय महिलाओं ने रंगोली के माध्यम से योग के महत्व और स्वस्थ जीवन के संदेश को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी कलाकृतियों के जरिए लोगों को नियमित योग करने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण प्रश्न मंच प्रतियोगिता रही। योग, स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़े सवालों के माध्यम से प्रतिभागियों की जानकारी का परीक्षण किया गया। प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे प्रतिभागियों में उत्साह बढ़ा और योग विषयक जानकारी प्राप्त करने की रुचि भी दिखाई दी।
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और आत्मविश्वासी बनता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा परिवार और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई। इस जन जागरूकता कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्र में योग के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।