कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है राज्य सरकार: गुरु खुशवंत साहेब

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम आतंकी हमले में सक्ती के दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के भूपेंद्र भैंना की मौत पर सक्ती जिला प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और दोनों परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Aug 3, 2026 - 12:05
 0  2
कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है राज्य सरकार: गुरु खुशवंत साहेब

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत पर प्रदेश में शोक का माहौल है। सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुंदेली निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैंना की इस हमले में मृत्यु हो गई। घटना पर सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे मानवता के विरुद्ध जघन्य अपराध बताया।

गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि निर्दोष नागरिकों पर हमला किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने आतंकवादी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में दोनों परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दोनों दिवंगत श्रमिकों का अंतिम संस्कार जम्मू-कश्मीर में ही उनके परिजनों की उपस्थिति में संपन्न कराया गया।

दीपक रात्रे के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वे लगभग एक वर्ष पहले अपने परिवार के साथ रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे और वहां एक ईंट-भट्ठे में मजदूरी कर रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और भाई भी कार्यरत थे। दीपक अपने पीछे पत्नी, एक छोटे बच्चे और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परिजनों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता में किसी प्रकार की देरी न हो और सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं।

उन्होंने अंत में दिवंगत दीपक रात्रे और भूपेंद्र भैंना की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। मंत्री ने कहा कि पूरा छत्तीसगढ़ इस दुख की घड़ी में दोनों परिवारों के साथ खड़ा है और राज्य सरकार हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।