जीपीएम में गौ सम्मान आवाहन अभियान का द्वितीय चरण संपन्न, 1.40 लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गौ सम्मान आवाहन अभियान के द्वितीय चरण के तहत विशाल जनजागरण यात्रा निकाली गई। अभियान के दौरान 1.40 लाख हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया। ज्ञापन में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा, केंद्रीय गौ सेवा कानून और गौ सेवा मंत्रालय के गठन की मांग की गई।

Jul 27, 2026 - 17:59
 0  7
जीपीएम में गौ सम्मान आवाहन अभियान का द्वितीय चरण संपन्न, 1.40 लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा

UNITED NEWS OF ASIA, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में सोमवार को गौ सम्मान आवाहन अभियान का द्वितीय चरण उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। देशभर के संतों के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत पेंड्रा नगर में गौ माता की आकर्षक झांकी के साथ विशाल जनजागरण यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में गौ सेवकों, महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौ संरक्षण एवं संवर्धन के समर्थन में जनजागरण किया।

यात्रा बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कलेक्टर कार्यालय, पेंड्रा रोड पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने भजन-कीर्तन, रामधुन और गौ संरक्षण के समर्थन में जयघोष करते हुए लोगों को अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

अभियान के तहत लगभग 1 लाख 40 हजार नागरिकों के हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। यह ज्ञापन चार अलग-अलग प्रतियों में तैयार किया गया, जिन्हें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित किया गया है।

ज्ञापन में देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून बनाने तथा अलग से गौ सेवा मंत्रालय के गठन की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों का कहना था कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। इसलिए इस दिशा में राष्ट्रीय स्तर पर ठोस और स्थायी नीति बनाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में कृष्ण प्रपन्ना महाराज, अभियान के जिला प्रचारक एवं सियाराम गौ सेवा के संस्थापक कौशल मणि तिवारी सहित अनेक सामाजिक और धार्मिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इनके अलावा जमुना जायसवाल, मथुरा सोनी, संतोष तिवारी, आश्रय लाल, उमेश अग्रवाल, ऋतुराज शर्मा, गोपाल सोनी, अमर गुप्ता, अमन साहू, श्रेयांश दुबे, बलराम सिंह, आशीष बंसल, भोला साहू, संजय तिवारी, प्रकाश काछी, अंबिका तंबोली, रागिनी श्रीवास्तव, कमल दुबे, आशा सिंह, श्रद्धा दुबे, श्रद्धा उर्मालिया, निकिता मिश्रा, पूजा पवार और प्रीति त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।

यात्रा के दौरान लोगों से गौ संरक्षण के महत्व को समझने और इस जनआंदोलन से जुड़ने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि व्यापक जनसमर्थन के माध्यम से सरकार तक जनता की भावनाएं पहुंचाई जा रही हैं, ताकि गौ संरक्षण से जुड़े विषयों पर प्रभावी निर्णय लिए जा सकें।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 27 अप्रैल 2026 को भी इसी अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत एसडीएम कार्यालय पेंड्रा रोड में ज्ञापन सौंपा गया था। अभियान के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि देशभर में चल रहे इस जनजागरण अभियान से गौ संरक्षण के संबंध में सकारात्मक पहल को गति मिलेगी और समाज में जागरूकता का दायरा लगातार बढ़ेगा।