कबीरधाम के 129 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, विकसित भारत जी राम जी योजना से मिलेगी नई सुविधाएं

कबीरधाम जिले के 129 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत 5.53 करोड़ रुपये की लागत से बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। स्वीकृति मिलते ही ग्राम पंचायतों ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इससे छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ग्रामीणों को रोजगार भी मिलेगा।

Aug 6, 2026 - 17:15
 0  3
कबीरधाम के 129 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, विकसित भारत जी राम जी योजना से मिलेगी नई सुविधाएं

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l जिले के सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत जिले के 129 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में बालिका शौचालयों के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना पर कुल 5 करोड़ 53 लाख 90 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। स्वीकृति आदेश जारी होने के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतों ने निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूलों में बालिका शौचालय निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए विद्यालयों की सूची जिला पंचायत को भेजी गई थी। इसके बाद जिला पंचायत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव को मंजूरी दी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण स्कूलों में छात्राओं के लिए बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों में आवश्यक अधोसंरचना को मजबूत करना है।

योजना के शुभारंभ के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के साथ-साथ स्कूलों में बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसी क्रम में बालिका शौचालय निर्माण की यह स्वीकृति छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में बनने वाले इन शौचालयों के निर्माण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को दी गई है। प्रत्येक विद्यालय में लगभग 4 लाख 30 हजार रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा। सभी निर्माण एजेंसियों को कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मैदानी अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी दी कि जनपद पंचायत बोड़ला के 25 विद्यालयों के लिए 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार रुपये, कवर्धा जनपद के 3 विद्यालयों के लिए 12 लाख 90 हजार रुपये, सहसपुर लोहारा जनपद के 15 विद्यालयों के लिए 64 लाख 50 हजार रुपये तथा पंडरिया जनपद के 86 विद्यालयों के लिए 3 करोड़ 69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इस परियोजना का लाभ केवल छात्राओं तक ही सीमित नहीं रहेगा। निर्माण कार्य के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों को रोजगार भी मिलेगा। योजना के तहत कार्य करने वाले मजदूरों को प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। अनुमान है कि 129 शौचालयों के निर्माण के दौरान लगभग 75 से 80 लाख रुपये की मजदूरी ग्रामीण श्रमिकों के खातों में पहुंचेगी।

जिला प्रशासन का मानना है कि विकसित भारत जी राम जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और रोजगार सृजन दोनों को बढ़ावा दे रही है। स्कूलों में आधुनिक और सुरक्षित शौचालय बनने से बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जबकि ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आय का अवसर भी प्राप्त होगा। यह पहल शिक्षा, स्वच्छता और ग्रामीण विकास को एक साथ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।