Farasgaon News : ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से बदसलूकी और धमकी, दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे

फरसगांव में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना एनएच-30 बोरगांव ढाबा के पास की है।

Feb 13, 2026 - 12:56
 0  9
Farasgaon News : ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से बदसलूकी और धमकी, दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, फरसगांव। कोण्डागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एनएच-30 मेन रोड स्थित बोरगांव ढाबा के पास यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरक्षक अर्जुन बघेल की ड्यूटी 10 फरवरी 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान कोण्डागांव की ओर से आ रही ट्रक क्रमांक CG 15 AC 3490 को नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करने से मना करने पर ट्रक चालक और कंडक्टर ने आरक्षक से गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोपियों ने आरक्षक को धमकाते हुए जेक रॉड निकालकर मारने का प्रयास किया और रोड जाम करने तथा गाड़ी से कुचलने और नक्सलियों से मरवाने जैसी धमकियां दीं। इस घटना से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 132, 221 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

मामले में पंकज चन्द्रा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी विकेश कुमार सोनी (23 वर्ष) और नागेश सोनी (29 वर्ष), दोनों निवासी बनियागांव प्लाटपारा थाना धनोरा जिला कोण्डागांव को 11 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास राय, उपनिरीक्षक अभिराम मेश्राम, आरक्षक प्रेमलाल मरकाम, किरण नेताम, घनश्याम यादव और महिला आरक्षक सरस्वती यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस कर्मियों से बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।