राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विद्यार्थियों का कानन पेंडारी शैक्षणिक भ्रमण
कवर्धा जिले में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत चार विकासखंडों के 200 बच्चों को कानन पेंडारी, बिलासपुर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, पर्यावरण जागरूकता और प्रत्यक्ष अवलोकन आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना था।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान 2025 के अंतर्गत जिले के चारों विकासखंडों के विद्यार्थियों के लिए जिला समग्र शिक्षा कार्यालय द्वारा कानन पेंडारी, बिलासपुर का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, पर्यावरण संरक्षण की समझ बढ़ाना तथा प्रत्यक्ष अवलोकन के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना था।
भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी एवं जिला मिशन समन्वयक विनोद श्रीवास्तव द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। विशेष बसों के माध्यम से 200 छात्र-छात्राओं एवं उनके साथ आए शिक्षकों को सुरक्षित रूप से भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
कानन पेंडारी में छात्रों ने वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, प्राकृतिक संसाधनों के महत्व तथा पर्यावरण संतुलन से जुड़ी अनेक जानकारियाँ प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त कीं। इस अनुभव से बच्चों में जिज्ञासा, सीखने की क्षमता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को और बढ़ावा मिला।
भ्रमण के सफल संचालन में सहायक परियोजना समन्वयक राजू चंद्रवंशी, कार्यक्रम समन्वयक राकेश चंद्रवंशी, एपीसी राजेश कौशिक, बीआरसी केशलाल साहू तथा चारों विकासखंडों के बीआरपी— विनोद पुरी गोस्वामी, नरेश कुमार सोनी, गायत्री प्रसाद साहू, होमबाई साहू एवं रेशमा मेश्राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समग्र शिक्षा के तहत ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और वैज्ञानिक चिंतन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।