27 सितंबर को दुर्ग में सजेगी सुरों की महफिल, शकील अली और रूपाली साखरे होंगी खास आकर्षण

रफ़ी फाउंडेशन और ‘नई दृष्टि बिंदु’ के संयुक्त तत्वावधान में 27 सितंबर को दुर्ग-भिलाई के सुरों एवं वाद्य यंत्रों का भव्य संगम कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नागपुर के गायक शकील अली मोहम्मद रफ़ी के सदाबहार गीत प्रस्तुत करेंगे, जबकि दुर्ग की रूपाली साखरे लता मंगेशकर के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ विभिन्न वाद्य कलाकार भी प्रस्तुति देंगे।

Sep 21, 2026 - 11:50
 0  4
27 सितंबर को दुर्ग में सजेगी सुरों की महफिल, शकील अली और रूपाली साखरे होंगी खास आकर्षण

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l संगीत प्रेमियों के लिए दुर्ग में 27 सितंबर 2026 को सुरों से सजी एक विशेष शाम का आयोजन किया जा रहा है। रफ़ी फाउंडेशन एवं दैनिक समाचार पत्र ‘नई दृष्टि बिंदु’ के संयुक्त तत्वावधान में “दुर्ग-भिलाई के सुरों एवं वाद्य यंत्रों का भव्य संगम” नामक संगीतमय कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में दुर्ग-भिलाई के प्रतिभाशाली गायक-गायिकाओं और वाद्य कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी। लता मंगेशकर की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम सदाबहार हिंदी गीतों और संगीत की प्रस्तुतियों के लिए खास रहेगा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नागपुर, महाराष्ट्र से विशेष रूप से पहुंच रहे गायक एवं कलाकार शकील अली होंगे। शकील अली अपनी सुमधुर आवाज में मोहम्मद रफ़ी के लोकप्रिय और सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देंगे। उनके दुर्ग आगमन को लेकर स्थानीय संगीत प्रेमियों में उत्साह है। कार्यक्रम के माध्यम से रफ़ी के गीतों को नए अंदाज में प्रस्तुत करने के साथ उनकी संगीत विरासत को याद किया जाएगा।

कार्यक्रम में दुर्ग की प्रतिभाशाली छत्तीसगढ़ी एल्बम गायिका रूपाली साखरे भी विशेष प्रस्तुति देंगी। 28 सितंबर को लता मंगेशकर की जयंती के अवसर को ध्यान में रखते हुए, जयंती की पूर्व संध्या पर रूपाली साखरे द्वारा लता मंगेशकर की आवाज में लोकप्रिय एवं सदाबहार गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम में विशेष संगीतमय और भावनात्मक रंग भरने की उम्मीद है।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में डॉ. पाटिल, अलख नवरंग, एम.आई. खान, राजेश शर्मा, तृप्ति साहू, रितु कसेर, आफताब आलम, साधना कुलदीप, प्रकाश सोनी और संजय लारोकर सहित अनेक कलाकार भी अपनी गायन प्रस्तुतियां देंगे। गायन के साथ विभिन्न वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इस आयोजन के जरिए स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दुर्ग नगर निगम की महापौर अल्का बाघमार होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में बीएसएफ के कमांडेंट विवेक श्रीवास्तव सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों के उपस्थित रहने की जानकारी आयोजकों ने दी है।

आयोजकों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य संगीत और वाद्य कला को प्रोत्साहित करना, स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना तथा दुर्ग-भिलाई के संगीत प्रेमियों को एक यादगार संगीतमय शाम उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों और विशिष्ट सहयोगियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन जयंत बरनेजी करेंगे। सहयोगी के रूप में हांजी मिर्जा साजिद और नवेद रजा दुर्गवी अपनी भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के आयोजक कैलाश जैन बरमेचा हैं। रफ़ी फाउंडेशन एवं ‘नई दृष्टि बिंदु’ ने शहर के संगीत प्रेमियों, कलाकारों और नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर मोहम्मद रफ़ी और लता मंगेशकर के सदाबहार गीतों से सजी इस सुरमयी शाम का आनंद लेने की अपील की है।