दुर्ग में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, ₹4.25 करोड़ स्वीकृत; 200 से अधिक नए विद्युत पोल और 10 ट्रांसफार्मर लगेंगे
दुर्ग शहर में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत दुर्ग नगर संभाग के लिए ₹4.25 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसमें दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹1.38 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। योजना के तहत 200 से अधिक नए विद्युत पोल, 10 ट्रांसफार्मर, विद्युत लाइन विस्तार और पोल शिफ्टिंग के कार्य किए जाएंगे। मंत्री गजेन्द्र यादव की पहल से शहर के विभिन्न वार्डों और नई विकसित कॉलोनियों में विद्युत अधोसंरचना मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग। दुर्ग शहर के विभिन्न वार्डों, आउटर क्षेत्रों और नई विकसित हो रही बस्तियों एवं कॉलोनियों में बिजली व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत दुर्ग नगर संभाग में विद्युत विस्तार कार्यों के लिए ₹4.25 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹1.38 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत कार्यों के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक नए विद्युत पोल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 10 नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने, विद्युत लाइन विस्तार और जरूरत के अनुसार पोल शिफ्टिंग के कार्य भी किए जाएंगे।
शहर की नई बस्तियों और कॉलोनियों में बिजली के पोल तथा विद्युत लाइन विस्तार की मांग नागरिकों, पार्षदों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार की जा रही थी। कई क्षेत्रों में आबादी बढ़ने के साथ विद्युत अधोसंरचना के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए गजेन्द्र यादव ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय इंजीनियरों ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्युत विभाग के सभी जोन के कार्यपालन अभियंताओं को नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार विद्युत पोल, लाइट और अन्य सुविधाओं में सुधार करने पर भी जोर दिया। दुर्ग जिला मुख्यालय होने के कारण यहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़कों, बस्तियों और सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा सुचारु बिजली आपूर्ति नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
10 नए ट्रांसफार्मर से विद्युत लोड की समस्या कम होने की उम्मीद
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में 10 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इससे संबंधित क्षेत्रों में विद्युत लोड की समस्या कम करने और बिजली आपूर्ति को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं, नई विकसित कॉलोनियों में विद्युत लाइन विस्तार होने से रहवासियों को बिजली कनेक्शन और अधोसंरचना से जुड़ी समस्याओं में राहत मिल सकती है।
गजेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्ग शहर के आउटर क्षेत्रों में विकसित हो रही कॉलोनियों में विद्युत लाइन विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही थी। नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए इन कार्यों की स्वीकृति दिलाई गई है। उनका कहना है कि प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और नागरिकों को बेहतर विद्युत व्यवस्था का लाभ मिले।
पहले भी स्वीकृत किए गए विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए पहले भी विद्युत पोल और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्यों को स्वीकृति दी गई है। विधायक निधि नगर निगम को प्रदान की गई थी, जिससे विद्युत पोलों पर लाइट लगाने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त उरला क्षेत्र की नई कॉलोनियों में बीते वर्ष 67 विद्युत पोल तथा मार्च महीने में 702 विद्युत पोल और 10 ट्रांसफार्मर लगाने के कार्यों की स्वीकृति दी गई थी।
विद्युत अधोसंरचना के विस्तार से शहर में बिजली संबंधी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। गजेन्द्र यादव ने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दुर्ग शहर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों का जीवन सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।