अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर गिरफ्तार, 3 चोरी की गाड़ियां बरामद; बालोद पुलिस को मिली बड़ी सफलता
बालोद पुलिस ने मोटरसायकल चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर उमेश यादव उर्फ सन्नाटा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 2 मोटरसायकल और 1 एक्टिवा समेत कुल 3 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी सहित विभिन्न धाराओं में 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में साइबर सेल बालोद तथा थाना अर्जुन्दा और गुण्डरदेही पुलिस की विशेष भूमिका रही।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद पुलिस ने मोटरसायकल चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी उमेश यादव उर्फ सन्नाटा के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 2 मोटरसायकल एवं 1 एक्टिवा समेत कुल 3 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चव्हाण के निर्देशन में की गई। मामले में साइबर सेल बालोद, थाना अर्जुन्दा और थाना गुण्डरदेही पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार दिनांक 24 अगस्त 2026 को अर्जुन्दा में एक मकान के सामने खड़ी मोटरसायकल क्रमांक CG 07 BP 7301 अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अर्जुन्दा में अपराध क्रमांक 135/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी दिन बालोद जिला न्यायालय के पास से भी एक फैशन प्रो मोटरसायकल क्रमांक CG 24 F 5368 चोरी हो गई थी। इस मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 445/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू एवं एसडीओपी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और संदेही की पहचान की।
पुलिस ने आरोपी उमेश यादव उर्फ सन्नाटा, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 56, एसटीएफ बघेरा, हाई स्कूल के पास, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 20 अगस्त 2026 को दुर्ग जेल से रिहा होने के बाद 23 और 24 अगस्त की दरम्यानी रात वह अर्जुन्दा पहुंचा और एक मकान के सामने खड़ी बजाज मोटरसायकल चोरी कर ली। इसके बाद 24 अगस्त को बालोद जिला न्यायालय के पास से फैशन प्रो मोटरसायकल चोरी की। इसके बाद धमतरी से कुरूद जाकर एक एक्टिवा चोरी कर अर्जुन्दा क्षेत्र स्थित अपने ससुराल जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को चोरी के वाहनों सहित पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर 2 मोटरसायकल और 1 एक्टिवा समेत कुल 3 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इनमें थाना बसंतपुर, सिटी कोतवाली दुर्ग, रनचिरई, सिटी कोतवाली राजनांदगांव और थाना बालोद के विभिन्न प्रकरण शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 से 2025 तक कुल 8 पूर्व आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इस कार्रवाई में थाना अर्जुन्दा, थाना गुण्डरदेही एवं साइबर सेल बालोद की टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस द्वारा चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।