धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: परिवार बनकर गांजा तस्करी कर रहे अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 18.626 किलो गांजा बरामद

धमतरी पुलिस ने सिहावा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए परिवार बनकर यात्रा कर रहे अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह को पकड़ा। वाहन से 18.626 किलो गांजा, कार और मोबाइल जब्त किए गए। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक आरोपी अस्पताल से फरार होकर बाद में पुनः गिरफ्तार किया गया।

Jun 12, 2026 - 16:14
 0  2
धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: परिवार बनकर गांजा तस्करी कर रहे अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 18.626 किलो गांजा बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. हाशिब अख्तर, धमतरी l धमतरी पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। सिहावा थाना पुलिस ने सतर्क चेकिंग के दौरान परिवार बनकर यात्रा कर रहे एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 किलो 626 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में अवैध गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। वाहन में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार थे, जिन्होंने स्वयं को परिवार के रूप में प्रस्तुत कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में भूरे रंग के टेप से पैक किए गए 18 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 18.626 किलोग्राम गांजा पाया गया। आरोपियों से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही गांजा, कार और मोबाइल फोन सहित लगभग 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के भवानीपटना क्षेत्र से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया, जहां एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी ढीली कर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जिलेभर में अलर्ट जारी कर नाकाबंदी की और विशेष टीमों को उसकी तलाश में लगाया।

लगातार प्रयासों, मुखबिर तंत्र की सक्रियता और सघन जांच के बाद फरार आरोपी को अगले दिन पुनः गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले में अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताहों में जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कई बड़ी कार्रवाइयां की गई हैं, जिनमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं। इन कार्रवाइयों से अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को गंभीर नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।