जन्माष्टमी और गणेशोत्सव को लेकर धमतरी में पुलिस का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई का संदेश

आगामी जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए धमतरी में कलेक्टर अबिनास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, हुड़दंग और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Sep 1, 2026 - 19:53
Sep 1, 2026 - 19:57
 0  3
जन्माष्टमी और गणेशोत्सव को लेकर धमतरी में पुलिस का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l आगामी जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में 1 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय धमतरी एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में कलेक्टर अबिनास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ ही असामाजिक तत्वों को कानून का पालन करने का स्पष्ट संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च गांधी मैदान धमतरी से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों से गुजरा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सदर बाजार, विंध्यवासिनी मंदिर के सामने से सिहावा चौक, अर्जुनी चौक और भखारा रोड बाईपास होते हुए मुजगहन एवं लोहरसी क्षेत्र का भ्रमण किया। इसके बाद फ्लैग मार्च रत्नाबांधा रोड में संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव, छेड़छाड़, मारपीट, हुड़दंग और अन्य असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवी तत्वों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, नाकाबंदी तथा सघन वाहन चेकिंग भी की जा रही है। प्रमुख मार्गों और प्रवेश एवं निकास मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है।

त्योहारों के दौरान शहर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है। इसके अलावा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, पैदल पेट्रोलिंग तथा मोबाइल पेट्रोलिंग की व्यवस्था मजबूत की गई है। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि जन्माष्टमी और गणेशोत्सव को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि त्योहार खुशियों और आपसी सद्भाव का अवसर हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों की सजगता और सहयोग महत्वपूर्ण है। आपात स्थिति में 100 या 112 पर तथा धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम के 94791-92299 नंबर पर सूचना दी जा सकती है। जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी जिलेवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की अपील की है।