रायगढ़ में GK Electric के अधिकृत शोरूम ‘AMAR EV’ का शुभारंभ, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया उद्घाटन
रायगढ़ में GK Electric के अधिकृत शोरूम ‘AMAR EV’ का शुभारंभ वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने किया। शोरूम में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर, सर्विस, स्पेयर पार्ट्स और बिक्री उपरांत सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत GK Electric के अधिकृत डीलरशिप AMAR EV का शुभारंभ किया गया। शोरूम का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं भारत सरकार के ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के सदस्य अमर परवानी ने की। इस अवसर पर GK Group के प्रबंध निदेशक पुनीत परवानी, रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान तथा नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य के परिवहन का महत्वपूर्ण माध्यम बनते जा रहे हैं। इनके उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, ईंधन पर होने वाला खर्च कम होगा तथा स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार कर रहा है।
अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि रायगढ़ में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस शोरूम की शुरुआत से जिले में हरित परिवहन को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर एवं भरोसेमंद इलेक्ट्रिक वाहन सेवाएं उपलब्ध होंगी।
नव प्रारंभ हुए AMAR EV शोरूम में ग्राहकों को GK Electric के आधुनिक इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर (पैसेंजर एवं कार्गो मॉडल), वाहन बिक्री, सर्विसिंग, जेन्युइन स्पेयर पार्ट्स तथा बिक्री उपरांत सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। कंपनी का कहना है कि यह डीलरशिप रायगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के ग्राहकों को किफायती, विश्वसनीय एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन समाधान उपलब्ध कराने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े गणमान्य नागरिकों, बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों, ग्राहकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथियों ने भाग लिया।
समारोह के अंत में GK Electric एवं AMAR EV परिवार की ओर से सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि नई डीलरशिप रायगढ़ में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता की सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।