हर घर तिरंगा अभियान: भाजयुमो ने शहीद परिवारों को तिरंगा भेंट कर किया सम्मानित

दंतेवाड़ा में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें तिरंगा ध्वज भेंट किया। इस दौरान शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया गया।

Aug 5, 2026 - 18:56
 0  18
हर घर तिरंगा अभियान: भाजयुमो ने शहीद परिवारों को तिरंगा भेंट कर किया सम्मानित

UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा l भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला दंतेवाड़ा द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के परिजनों का सम्मान किया गया। अभियान के तहत विभिन्न गांवों में पहुंचकर शहीद परिवारों को तिरंगा ध्वज भेंट किया गया और उनके बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की गई।

इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी तथा भाजयुमो के जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा देश की रक्षा और जनसेवा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।

अभियान के दौरान ग्राम पंचायत कासोली में शहीद जवान मंगड़ू मंडावी, मंगलू मंडावी और लखमू मरकाम के परिजनों से भेंट कर उन्हें तिरंगा ध्वज भेंट किया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत चितालंका में पूर्व विधायक भीमा मंडावी के निवास पहुंचकर उनके परिजनों का सम्मान किया गया और तिरंगा समर्पित किया गया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत गंजेनार में शहीद लक्ष्मण मरकाम, ग्राम पंचायत मिडकुलनार में शहीद राम लाल ओयामी, तथा ग्राम पंचायत केशापुर में शहीद संतोष तामो और मोती राम पटेल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें तिरंगा ध्वज भेंट किया गया। कार्यकर्ताओं ने सभी परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष राहुल असरानी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ-साथ उन वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान की भी याद दिलाता है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों से मिलना और उन्हें तिरंगा भेंट करना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व और भावनात्मक अनुभव रहा। शहीद परिवारों का त्याग और समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणा है तथा उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र सदैव उनके बलिदान का ऋणी रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा आगे भी राष्ट्रभक्ति, शहीद सम्मान और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा तथा शहीद परिवारों के सम्मान और सहयोग के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।