रमेश बैस के जन्मदिवस पर चेम्बर पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के निवास पहुंचकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और चेम्बर पदाधिकारियों ने उनके सार्वजनिक जीवन और योगदान की सराहना की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ जननेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और त्रिपुरा, झारखंड तथा महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने उनके निवास पहुंचकर आत्मीय शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस अवसर पर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत तथा चेम्बर के संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी रमेश बैस को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के योगदान को याद किया।
प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि रमेश बैस ने सांसद, केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के राज्यपाल के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समाज और चेम्बर परिवार को हमेशा उनका मार्गदर्शन मिलता रहा है। उनका सरल व्यक्तित्व, सहज व्यवहार और जनहित के प्रति समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
चेम्बर के संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि रमेश बैस ने छत्तीसगढ़ में व्यापार, उद्योग और जनसरोकारों को हमेशा प्राथमिकता दी। उनका अनुभव और मार्गदर्शन व्यापारिक समाज के लिए महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि समाज और व्यापार जगत के बीच संवाद को मजबूत करने में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने रमेश बैस के स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें स्मृति स्वरूप सम्मान भी प्रदान किया।
इस अवसर पर गजराज पगारिया, महंत रामसुंदर दास, संतोष जैन, अशोक मलानी, छगन मूंदड़ा, राजेश वासवानी, राधा किशन सुंदरानी, जितेंद्र शादीजा, मनीष प्रजापति, जितेंद्र बड़वानी, राजेश गुरनानी, तरल मोदी, अशोक बजाज, ओंकार बैस सहित चेम्बर के अनेक पदाधिकारी, व्यापारी प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां सभी ने रमेश बैस के स्वस्थ, दीर्घ एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए उनके अनुभव का लाभ समाज और प्रदेश को निरंतर मिलता रहे, ऐसी शुभेच्छा व्यक्त की। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भी इस अवसर पर उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन भविष्य में भी व्यापारिक समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।