बृजमोहन अग्रवाल ने ली भाजपा कोर ग्रुप की बैठक, संगठन विस्तार और जन-जागरण अभियान पर जोर
रायपुर में आयोजित भाजपा जिला ग्रामीण कोर ग्रुप की बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों को जन-जागरण अभियान के माध्यम से घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने सोमवार को रायपुर जिला ग्रामीण भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक लेकर संगठनात्मक मजबूती, आगामी अभियानों की रणनीति और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर चर्चा की। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य सरकार के जनहितकारी निर्णयों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे विकास की मुख्यधारा से हर नागरिक जुड़ रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी जन-जागरण अभियान के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाएं। उनका कहना था कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और सुशासन का लाभ पहुंचाना है।
बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही भाजपा की सफलता का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय होकर जनता के बीच पहुंचने तथा सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
आगामी अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियानों के जरिए जनता के साथ संवाद बढ़ाना आवश्यक है। केंद्र सरकार के राष्ट्रीय विजन और राज्य सरकार के विकास कार्यों के बेहतर समन्वय के माध्यम से जनता का विश्वास और अधिक मजबूत किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, बूथ प्रबंधन तथा जन-जागरण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक में टंक राम वर्मा, गुरु खुशवंत साहब, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, अखिलेश सोनी, अशोक बजाज, राजीव सिंह, सुरेंद्र पाटनी और श्याम नारंग सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने पर विशेष जोर दिया गया।