भोरमदेव कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, प्रशासन ने बोलबम समितियों के साथ की समन्वय बैठक

कबीरधाम में आगामी भोरमदेव कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बोलबम समितियों के साथ समन्वय बैठक की। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, विश्राम और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

Jul 30, 2026 - 18:27
 0  2
भोरमदेव कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, प्रशासन ने बोलबम समितियों के साथ की समन्वय बैठक

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। आगामी सावन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर भोरमदेव मंदिर के समीप स्थित सामुदायिक भवन में बोलबम समितियों के प्रमुखों और सदस्यों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा और पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बोलबम समितियों के सदस्य मौजूद रहे।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि सावन माह में हजारों कांवड़िए और श्रद्धालु भोरमदेव मंदिर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए बूढ़ा महादेव मंदिर (कवर्धा) से भोरमदेव, राजानवागांव, डोंगरिया होते हुए मुंगेली जिले के ग्राम खुड़िया तक पूरे यात्रा मार्ग पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मार्ग में साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न पड़ावों पर सहायता एवं सेवा शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहां प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को पूरी यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सुगम जलाभिषेक के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बोलबम समितियों से अपील की कि यात्रा के दौरान ट्रैक्टर, डीजे वाहन और अन्य वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी बोलबम समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। प्रशासन ने सभी समितियों से समन्वय बनाकर यात्रा को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लगभग 20-20 लाख रुपये की लागत से खुड़िया और लमनी में आधुनिक प्रतीक्षालयों का निर्माण कराया गया है। यात्रा मार्ग के अन्य प्रमुख पड़ावों और विश्राम स्थलों पर भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि सभी विभागों और बोलबम समितियों के समन्वित प्रयास से इस वर्ष की भोरमदेव कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक रूप से संपन्न होगी।