‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, 26/11 के अनसुने नायकों को किया नमन
रायपुर में आयोजित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान साहस और सेवा का परिचय देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की अनकही कहानी पर आधारित इस फिल्म की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे समर्पण और मानवता का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर में आयोजित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। जोरा मॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया, जनप्रतिनिधि, फिल्म जगत से जुड़े कलाकार तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है कि ‘भारत भाग्य विधाता’ जैसी प्रेरणादायक फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग प्रदेश में आयोजित की जा रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की धरती पर कंगना रनौत का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रदेश माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘भारत भाग्य विधाता’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि उन अनसुने और अनदेखे नायकों को समर्पित एक सशक्त श्रद्धांजलि है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले के दौरान अस्पतालों में कार्यरत नर्सों, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों की सेवा की और अनेक लोगों की जिंदगी बचाई। यह फिल्म उन्हीं साहसी स्वास्थ्य योद्धाओं की अनकही कहानी को सामने लाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में ऐसे अनेक लोग होते हैं जो असाधारण कार्य करते हैं, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल पाती जिसके वे हकदार होते हैं। इस फिल्म के माध्यम से उनके योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सेवा, साहस और समर्पण की यह कहानी लोगों को प्रेरित करेगी।
उन्होंने विशेष रूप से फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया का उल्लेख करते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ की माटी के पुत्र हैं और प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि उन्होंने इतने महत्वपूर्ण विषय पर फिल्म का निर्माण किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम दिया जाना अपने आप में विशेष महत्व रखता है।
कार्यक्रम में कंगना रनौत ने कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया का छत्तीसगढ़ से गहरा जुड़ाव है और उनकी इच्छा थी कि फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग उनके गृह प्रदेश में आयोजित की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम में शामिल होने से पूरी टीम का उत्साह बढ़ा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आपातकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ को सम्मानित भी किया। सम्मानित व्यक्तियों में जागेश्वर कुमार धीवर, नारायण सिंह नायक, भुनेश्वरी तिवारी, रोहिणी वर्मा, उर्मिला भगत, रोशनी, विजय शंकर कश्यप, मीना सिंह, ममता कपूर, मीना शर्मा, जमुनाबाई, लक्ष्मी मेनन और विजया लक्ष्मी पिल्लई शामिल रहे।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा, रूप कुमारी चौधरी, विभिन्न विधायक, जनप्रतिनिधि, कलाकार और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान फिल्म और उसके विषयवस्तु को लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।