राहुल गांधी की टिप्पणी के विरोध में अर्जुंदा में भाजयुमो का प्रदर्शन, फूंका पुतला

बालोद जिले के अर्जुंदा में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड चौक पर राहुल गांधी का पुतला दहन कर नारेबाजी की और कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

May 24, 2026 - 10:44
 0  2
राहुल गांधी की टिप्पणी के विरोध में अर्जुंदा में भाजयुमो का प्रदर्शन, फूंका पुतला

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद जिले के अर्जुंदा नगर में शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड चौक पर एकत्र होकर राहुल गांधी का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा और भाजयुमो नेताओं ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी शामिल हुए। भाजयुमो अध्यक्ष नवीन राजपूत ने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावी हार के बाद मानसिक रूप से निराश दिखाई दे रहे हैं और इसी कारण वे देश के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जता रही है, जिससे विपक्षी दलों में बेचैनी बढ़ गई है।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक उपाध्यक्ष नरेश यदु ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा और व्यवहार में लगातार गिरावट देखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता द्वारा बार-बार नकारे जाने के बाद कांग्रेस अब मुद्दों से भटककर व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले कुछ वर्षों में आतंकवाद, नक्सलवाद और आंतरिक सुरक्षा जैसी चुनौतियों से मजबूती से मुकाबला किया है और इसके पीछे केंद्र सरकार की मजबूत नीतियां और नेतृत्व है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष विश्वास जीतू गुप्ता और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंकज चौधरी ने भी राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि देश आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर निर्णायक भूमिका निभा रहा है और विकास के कई नए आयाम स्थापित हुए हैं। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश के विकास और जनसमर्थन को पचा नहीं पा रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए और राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। भाजयुमो नेताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग जारी रहा तो भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगे।

इस अवसर पर नरेश यदु, विश्वास जीतू गुप्ता, नवीन राजपूत, गुमान यादव, चंद्रहास देवांगन, संजय साहू, देवेंद्र यदु, गिरधर निषाद, विनोद सिन्हा, कमलेश साहू, मुरली मनोहर राम मांडले, दुष्यंत सिन्हा, असलम खान, कमल साहू, निरंजन साहू, ज्ञान सिंह ठाकुर, रितेश देवांगन, मनोज साहू, ऋषभ शर्मा, शिखर साहू, ढालेंद्र ठाकुर, राजकुमार कश्यप और रमेश सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।