बेमेतरा में 18 से 20 जून तक लगेंगे वृहद पंजीयन शिविर, जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ेंगे पात्र हितग्राही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बेमेतरा जिले में 18 से 20 जून तक वृहद पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीयन, त्रुटि सुधार और समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत बेमेतरा जिले में 18 जून से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचाना है।
जिला प्रशासन के अनुसार जिले के सभी राजस्व अनुविभाग स्तर पर आयोजित होने वाले इन शिविरों में नए हितग्राहियों का पंजीयन, दस्तावेजों में त्रुटि सुधार, लंबित प्रकरणों का निराकरण तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और सभी नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
यह अभियान विशेष रूप से उन लोगों को ध्यान में रखकर संचालित किया जा रहा है जो अब तक किसी कारणवश योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर पाए हैं। शिविरों में नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच और पंजीयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीयन और लाभ वितरण की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रत्येक राजस्व अनुविभाग में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। उनके नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी समन्वित रूप से कार्य करेंगे तथा अधिकतम संख्या में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा शिविरों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान भी चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी, कोटवारों के माध्यम से सूचना प्रसारित की जाएगी, वहीं शहरी क्षेत्रों में समाचार पत्रों, जनप्रतिनिधियों और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को शिविरों की जानकारी दी जाएगी।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें और अन्य पात्र लोगों को भी इसकी जानकारी दें।