बंगाल में राष्ट्रवाद की जीत पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का बयान, कहा- ‘सोनार बांग्ला’ की ओर बढ़ा प्रदेश
पश्चिम बंगाल और असम चुनावों में भाजपा की जीत पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इसे राष्ट्रवाद और विकास की जीत बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
UNITED NEWS OF ASIA अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l बसना। पश्चिम बंगाल और असम के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर छत्तीसगढ़ के बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्रवाद और विकास की निर्णायक विजय बताया है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा पार्टी नेतृत्व को बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश जनता के अटूट विश्वास और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने इस बार राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास को चुनकर एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक दल की सफलता नहीं, बल्कि उन विचारों की विजय है जो देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इसे “सत्य की असत्य पर विजय” और “विकास की विनाश पर जीत” करार दिया।
अपने बयान में उन्होंने कहा कि बंगाल की वीर भूमि ने भय, भ्रष्टाचार और अराजकता की बेड़ियों को तोड़ते हुए एक नई दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह वही संकल्प है जिसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देखा था, और आज वह साकार होता नजर आ रहा है। “माँ-माटी-मानुष” की भावना को नई दिशा देते हुए बंगाल की जनता ने विकास के रास्ते को अपनाया है।
डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है, जिसका प्रभाव अब राज्यों के चुनाव परिणामों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने तुष्टीकरण और अराजक राजनीति को नकारते हुए सुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है।
असम में भाजपा की लगातार तीसरी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर की जनता ने यह साबित कर दिया है कि स्थिरता, विकास और विश्वसनीयता की राजनीति ही भविष्य का रास्ता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आज का युवा जागरूक है और वह केवल विकास और अवसरों की राजनीति का समर्थन कर रहा है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह जीत करोड़ों कार्यकर्ताओं के वर्षों के परिश्रम, समर्पण और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल ‘सोनार बांग्ला’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और यह परिवर्तन देश के समग्र विकास को नई गति देगा।
अंत में उन्होंने राष्ट्रवादी भावनाओं से ओत-प्रोत संदेश देते हुए कहा कि “वंदे मातरम” का जयघोष अब पूरे देश में गूंज रहा है और यह विजय भारत को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
“राष्ट्रवाद अमर रहे… जय जोहार, जय छत्तीसगढ़!” के उद्घोष के साथ उन्होंने अपने वक्तव्य का समापन किया।