बलरामपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बलरामपुर जिले में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने योगाभ्यास में शामिल होकर नियमित योग, नशामुक्त जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Jun 21, 2026 - 11:52
 0  2
बलरामपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. बलरामपुर l अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बलरामपुर जिले में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के हाई स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी सहभागिता की और विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। आज विश्व के अनेक देशों में योग को स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और मानव कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है, जो व्यक्ति को संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में तनाव, व्यस्तता और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है और व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, वज्रासन और मकरासन सहित विभिन्न योगासन कराए गए। इसके साथ ही भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास भी कराया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर लक्ष्मी राजवाड़े ने स्काउट-गाइड, रोवर और रेंजर के विद्यार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण की भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्हें समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

योग कार्यक्रम के बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हाई स्कूल मैदान परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित किया गया। लक्ष्मी राजवाड़े ने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर हरित बलरामपुर के संकल्प को मजबूत किया।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत का संकल्प भी दिलाया गया। उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने का आह्वान किया गया। जिले के सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।