बालको का जुबली पार्क बनेगा कोरबा का प्रमुख मनोरंजन और स्वास्थ्य केंद्र

बालको द्वारा बालकोनगर के सिविक सेंटर में विकसित जुबली पार्क कोरबा जिले के सबसे सुंदर और सुव्यवस्थित पार्कों में शामिल होने जा रहा है। आधुनिक खेल उपकरण, योग प्लेटफॉर्म, वॉकिंग ट्रैक और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क समुदाय के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा।

Jun 22, 2026 - 18:24
 0  2
बालको का जुबली पार्क बनेगा कोरबा का प्रमुख मनोरंजन और स्वास्थ्य केंद्र

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, कोरबा l भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा बालकोनगर के सिविक सेंटर में विकसित नवनिर्मित जुबली पार्क क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बनने जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क सभी आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसे कोरबा जिले के सबसे सुंदर एवं सुव्यवस्थित पार्कों में शामिल माना जा रहा है।

बालको द्वारा विकसित इस पार्क में बच्चों के लिए आधुनिक और सुरक्षित खेल उपकरण लगाए गए हैं। इसके अलावा युवाओं और वयस्कों के लिए फिटनेस उपकरण, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, योग और ध्यान के लिए समर्पित योगा प्लेटफॉर्म तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक वॉकिंग ट्रैक विकसित किया गया है। हरियाली, सौंदर्यीकरण और आरामदायक सुविधाओं से युक्त यह पार्क लोगों को प्रकृति के करीब रहने का अवसर भी प्रदान करेगा।

वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद हितानंद अग्रवाल ने जुबली पार्क को समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि पार्क में विकसित की गई सुविधाएं सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक झूले, खेल उपकरण, योग प्लेटफॉर्म और आकर्षक हरित वातावरण इस पार्क को विशेष बनाते हैं। उनके अनुसार यह उद्यान कोरबा जिले के सबसे सुंदर और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थलों में से एक है, जहां लोग स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मेलजोल के लिए गुणवत्तापूर्ण समय बिता सकेंगे।

अग्रवाल ने कहा कि बालको अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रहा है। कंपनी ने टाउनशिप और आसपास के क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, आंबेडकर स्टेडियम के आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यीकरण, नेहरू पार्क के निर्माण तथा अन्य कई जनहितकारी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया है। इन पहलों से क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है और स्थानीय विकास को नई गति मिली है।

उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कंपनी की सामुदायिक विकास योजनाओं को नई दिशा मिली है। जुबली पार्क जैसी परियोजनाएं इसी सोच का परिणाम हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जुबली पार्क को केवल मनोरंजन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत सामाजिक और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां समय-समय पर योग, फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

बालको की यह पहल क्षेत्र में जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में जुबली पार्क न केवल बालकोनगर बल्कि पूरे कोरबा जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन, सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।