जल जीवन मिशन से बदली मुड़घुसरी प्लाट की तस्वीर, अब घर-घर पहुंच रहा स्वच्छ पेयजल

कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के बैगा बहुल गांव मुड़घुसरी प्लाट में जल जीवन मिशन के तहत 28 घरों में नल कनेक्शन दिए गए हैं। इससे ग्रामीणों को अब घर पर ही स्वच्छ पेयजल मिल रहा है और लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या खत्म हो गई है।

Jun 16, 2026 - 18:10
 0  3
जल जीवन मिशन से बदली मुड़घुसरी प्लाट की तस्वीर, अब घर-घर पहुंच रहा स्वच्छ पेयजल

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला अंतर्गत बैगा जनजाति बहुल ग्राम मुड़घुसरी प्लाट में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। यह गांव पहले गंभीर पेयजल संकट से जूझता था, लेकिन अब घर-घर नल से स्वच्छ पानी पहुंचने लगा है।

पहले गांव के लोगों को दैनिक उपयोग के लिए पानी जुटाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। महिलाओं और बुजुर्गों को कई-कई किलोमीटर दूर स्थित हैंडपंप या अन्य जल स्रोतों तक जाना पड़ता था। गर्मी के मौसम में जलस्तर गिर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों को घंटों इंतजार और लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

ग्रामीणों के अनुसार पानी लाने में उनका काफी समय और श्रम खर्च होता था, जिसका असर उनके दैनिक जीवन, बच्चों की पढ़ाई और आजीविका पर भी पड़ता था। महिलाओं का अधिकांश समय पानी लाने में चला जाता था, जिससे वे अन्य घरेलू कार्यों पर ध्यान नहीं दे पाती थीं।

ऐसे समय में जल जीवन मिशन ने इस गांव की तस्वीर बदल दी। योजना के तहत ग्राम मुड़घुसरी प्लाट के सभी 28 पात्र परिवारों को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) उपलब्ध कराए गए हैं। इसके माध्यम से अब हर घर में सीधे पाइपलाइन से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति हो रही है।

योजना के अंतर्गत जल स्रोतों का विकास, पाइपलाइन विस्तार, जल भंडारण टंकी और घरेलू कनेक्शन जैसी बुनियादी संरचनाएं विकसित की गईं। इसका परिणाम यह हुआ कि ग्रामीणों को अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और घर पर ही पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ जल उपलब्ध है।

गांव की निवासी खुटू बाई बैगा बताती हैं कि पहले पानी के लिए रोजाना कई घंटे खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब घर के नल से आसानी से पानी मिल रहा है। इससे उनका समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं और वे परिवार तथा अन्य कार्यों पर ध्यान दे पा रही हैं।

वहीं ग्रामीण रामफल बैगा का कहना है कि पहले पानी की कमी और अनिश्चित आपूर्ति के कारण काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब जल जीवन मिशन से यह समस्या पूरी तरह दूर हो गई है। घर-घर नल कनेक्शन से जीवन पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है।

स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से गांव में स्वास्थ्य संबंधी सुधार भी देखने को मिल रहा है। दूषित पानी से होने वाली बीमारियों का खतरा कम हुआ है और ग्रामीणों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है।

आज महिलाएं अपने समय का उपयोग परिवार, शिक्षा और अन्य कार्यों में कर पा रही हैं। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सहभागिता से इस योजना का संचालन बेहतर तरीके से किया जा रहा है, जिससे जल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत और टिकाऊ बनी हुई है।

जल जीवन मिशन ने मुड़घुसरी प्लाट जैसे दूरस्थ वनांचल गांव में न केवल पानी की समस्या का समाधान किया है, बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार किया है।