भीषण गर्मी में भी जारी रहा जनसंपर्क अभियान, अनुज शर्मा ने गांव-गांव पहुंचकर सुनीं समस्याएं

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने भाजपा के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत खरोरा मंडल के भड़हा, बुड़गहन और घिवरा गांवों का दौरा किया। उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया, स्कूलों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, बुजुर्गों का सम्मान किया तथा विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

Jun 15, 2026 - 11:05
 0  5
भीषण गर्मी में भी जारी रहा जनसंपर्क अभियान, अनुज शर्मा ने गांव-गांव पहुंचकर सुनीं समस्याएं

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत धरसींवा विधायक अनुज शर्मा लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। अभियान के चौथे दिन उन्होंने खरोरा मंडल के अंतर्गत आने वाले ग्राम भड़हा, बुड़गहन और घिवरा में व्यापक जनसंपर्क करते हुए ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।

भीषण गर्मी के बावजूद विधायक अनुज शर्मा ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महतारी वंदन योजना, किसान उन्नति योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं पर विशेष चर्चा की गई।

आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए विधायक ने गांवों के शासकीय स्कूलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्कूल परिसर, कक्षाओं और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनका उद्देश्य था कि नए सत्र की शुरुआत में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

दौरे के दौरान अनुज शर्मा ने गांवों के वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने बुजुर्गों का शॉल, फूलमाला, श्रीफल और छाता भेंट कर सम्मान किया। मानसून को ध्यान में रखते हुए बुजुर्गों को छाते प्रदान किए गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान विधायक ने स्थानीय विकास और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की। वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त कर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया। वहीं ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।

अनुज शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए भरोसा दिलाया कि धरसींवा विधानसभा के प्रत्येक गांव का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अभियान के दौरान विधायक ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया और लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, तिल्दा जनपद अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे, उपाध्यक्ष सुरेंद्र दुलारी वर्मा, खरोरा मंडल अध्यक्ष सोना वर्मा, भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने विधायक के प्रयासों की सराहना की।